(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 जून 2025 (शुक्रवार) आज जनपद फर्रुखाबाद में सामाजिक समरसता और परंपरा का एक सुंदर उदाहरण देखने को मिला, जब ग्राम लटूरनगर झब्बूपुर पोस्ट कायमगंज निवासी अमरवती पुत्री श्री महेशचन्द्र शाक्य एवं ग्राम रामनगर मुडौल पोस्ट रायपुर निवासी नन्दकिशोर पुत्र श्री शिवराज शाक्य का पवित्र दाम्पत्य सूत्र बौद्ध रीति-रिवाजों के साथ सम्पन्न हुआ।
समारोह में बुद्ध धम्म के अनुयायियों की उपस्थिति में बौद्ध धर्म की परंपराओं के अनुसार विवाह संस्कार शांतिपूर्ण और गरिमामयी वातावरण में आयोजित किया गया। बिना किसी आडंबर और सामाजिक भेदभाव के यह आयोजन सामाजिक सौहार्द और समानता का संदेश देता नजर आया।
इस अवसर पर धर्मपाल बौद्ध द्वारा नवविवाहित दंपत्ति को विवाह प्रमाण पत्र प्रदान किया गया एवं उन्होंने अपने आशीर्वचन और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह विवाह सिर्फ दो आत्माओं का मिलन नहीं, बल्कि एक सशक्त सामाजिक परिवर्तन का प्रतीक है। उन्होंने बौद्ध धम्म के मूल सिद्धांतों—मैत्री, करुणा, समता और प्रज्ञा—का पालन करते हुए सुखद दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में उपस्थित लोगों ने बौद्ध धर्म की शांति और समानता की भावना की सराहना की और नवविवाहित जोड़े को उनके नए जीवन की शुरुआत के लिए ढेरों शुभकामनाएं दीं। यह विवाह समारोह समाज में समानता, सादगी और सांस्कृतिक चेतना का सशक्त संदेश देने वाला उदाहरण बनकर उभरा।
