फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 जून 2025 कलेक्ट्रेट सभागार में आज उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, लखनऊ के उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल योगेंद्र डिमरी की अध्यक्षता में बाढ़ सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाढ़ से निपटने की सभी तैयारियों की गहन समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मा. उपाध्यक्ष ने निर्देश दिए कि बाढ़ संभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव की व्यवस्था पुख्ता की जाए। समीपवर्ती जनपदों में होने वाली वर्षा की मैपिंग कर अग्रिम चेतावनी प्रणाली को मजबूत किया जाए। बच्चों को तैराकी का प्रशिक्षण देने, खतरे वाले क्षेत्रों में साइनबोर्ड लगाने, बोट एम्बुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने और स्कूलों में बाढ़ से बचाव के प्रति जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने संचार व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, सभी सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करने, जरूरत अनुसार रास्तों का डायवर्जन करने, शरणालयों की स्थापना और उनमें जनरेटर की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी बल दिया। साथ ही, समय से खाद्यान्न वितरण और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
बैठक में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार मिश्र सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के बाद ले. जनरल योगेंद्र डिमरी ने अमृतपुर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया, जो कि हर साल बाढ़ से प्रभावित होता है। उन्होंने मौके पर जाकर तैयारियों का जायजा लिया और स्थानीय प्रशासन को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
