(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 जून 2025 जनपद के मोहल्ला विर्राबाग पजाबा निवासी शिवओम अग्निहोत्री पुत्र श्री मोहनलाल एक दिल दहला देने वाली घटना से गुजर रहे हैं। शिवओम अग्निहोत्री का कहना है कि वह कृष्ण अग्निहोत्री के मकान में किराए पर अपने परिवार के साथ रहते हैं। बीते 11 जून 2025 को दोपहर लगभग 1:30 बजे जब वह काम से लौटे, तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।
घर में उनके दो बड़े बेटे 12 वर्ष ,10 वर्ष तो मौजूद थे, लेकिन पत्नी नीतू अग्निहोत्री 38 वर्ष और उनका सबसे छोटा बेटा अंश 5 वर्ष घर पर नहीं थे। उन्होंने तुरंत रिश्तेदारों से संपर्क किया, परंतु सभी ने साफ इंकार कर दिया कि नीतू अग्निहोत्री उनके पास नहीं आई है।
परिवार की चिंता तब और बढ़ गई जब शिवओम अग्निहोत्री ने घर के लॉकर की जांच की। लॉकर से सभी जेवरात और लगभग सात लाख रुपये नगद गायब पाए गए। अगले दिन, यानी 12 जून को शिवओम अग्निहोत्री ने थाने कादरीगेट पहुंचकर घटना की सूचना दी और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।
शिवओम अग्निहोत्री का कहना है कि उनके दोनों बड़े बच्चे बार-बार एक ही सवाल कर रहे हैं – “पापा, मम्मी और छोटा भाई कहां हैं?” बच्चों की हालत रो-रोकर बेहद खराब हो चुकी है। अब तक महिला और बच्चा कहां गए, इसके पीछे कोई सुराग नहीं मिल पाया है। घटना से क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल है।
शिवओम अग्निहोत्री ने प्रशासन से लगाई गुहार
शिवओम अग्निहोत्री ने जिलाधिकारी से प्रार्थना पत्र दिया और कहा कि हमारी पत्नी और बच्चे की तलाश के लिए गंभीर प्रयास किए जाएं, ताकि बच्चों को मां और भाई की खबर मिल सके और परिवार को राहत मिल सके।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस गुमशुदगी की रिपोर्ट के आधार पर जांच में जुटी है, पर अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। प्रशासन से अपेक्षा की जा रही है कि जल्द से जल्द इस रहस्य का खुलासा हो।
