फर्रूखाबाद:ग्राम बरौन में चकमार्ग विवाद: दबंग प्रधान समेत कई पर रिपोर्ट दर्ज

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 जून 2025 मऊदरवाजा थाना क्षेत्र ग्राम बरौन निवासी सुरेश चंद्र शाक्य ने गांव के वर्तमान प्रधान अवधेश व उसके साथियों के विरुद्ध थाने में गंभीर आरोपों के साथ रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया है कि राजस्व विभाग द्वारा निर्धारित चकमार्ग की पैमाइश के बाद गढ़वायी गई ईंटों को प्रधान व अन्य दबंगों ने उखाड़ फेंका और विरोध करने पर मारपीट की धमकी दी।

सुरेश चंद्र शाक्य ने अपनी तहरीर में बताया कि चकमार्ग को लेकर उनका विवाद प्रधान अवधेश व अन्य ग्रामवासियों—कमलेश, शैलेश पुत्रगण प्रेमचंद, हरीकिशन पुत्र नत्थूलाल और विमल पुत्र राम सिंह—से चल रहा है। किसी प्रकार का विवाद और संघर्ष न हो, इस उद्देश्य से उन्होंने उपजिलाधिकारी सदर को प्रार्थना पत्र दिया था, जिसके आधार पर 7 अप्रैल को पैमाइश का आदेश पारित किया गया।

इसके क्रम में 21 मई को राजस्व विभाग की टीम द्वारा मौके पर हदबंदी कर चकमार्ग की ईंटें गढ़वा दी गई थीं। लेकिन आरोप है कि उसी दिन दोपहर करीब 3 बजे उक्त लोगों ने ईंटों को उखाड़कर फेंक दिया और जब सुरेश चंद्र ने इसका विरोध किया तो उन्हें अपशब्द कहे गए तथा मारपीट की धमकी दी गई।

सुरेश चंद्र का कहना है कि आरोपितों ने खुलेआम कहा कि वे किसी पैमाइश या सरकारी आदेश को नहीं मानते, और चकमार्ग वहीं बनाएंगे जहां वे चाहेंगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उक्त लोग स्वयं चकरोड पर अवैध कब्जा किए हुए हैं, जो राजस्व विभाग की पैमाइश से स्पष्ट हो चुका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। ग्रामीणों में इस घटनाक्रम को लेकर रोष व्याप्त है और लोग प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।