फर्रूखाबाद:अपराधियों को सजा दिलाने के लिए फतेहगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता, चोर को दो वर्ष का कारावास

(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 जून 2025 उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार अपराधियों को सजा दिलाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत फतेहगढ़ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना नवाबगंज क्षेत्र में पंजीकृत चोरी के एक मामले में आरोपी सुबोध यादव को मा० न्यायालय द्वारा दोषी करार देते हुए दो वर्ष के कारावास और ₹3000 के आर्थिक दंड से दंडित किया गया है।

अभियुक्त सुबोध यादव पुत्र रामनिवास, निवासी बलीपुर उलियापुर थाना शमसाबाद, जनपद फतेहगढ़ के विरुद्ध थाना नवाबगंज में मुकदमा अपराध संख्या 205/2023, वाद संख्या 8813/2023, धारा 457, 380, 411 भा०दं०वि० के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। पुलिस द्वारा की गई प्रभावी विवेचना के उपरांत आरोपी के विरुद्ध आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

इस मामले में फतेहगढ़ पुलिस टीम, मॉनिटरिंग सेल, अभियोजन पक्ष, कोर्ट पैरोकार तथा कोर्ट मोहर्रिर द्वारा लगातार समन्वय एवं मजबूत पैरवी की गई। इन सभी के प्रयासों के फलस्वरूप दिनांक 21 जून 2025 को मा० एसीजेएम कोर्ट, फर्रुखाबाद ने आरोपी को दोषी मानते हुए उसे दो वर्ष का कठोर कारावास एवं ₹3000 के अर्थदंड की सजा सुनाई।

इस महत्वपूर्ण निर्णय में अभियोजन अधिकारी श्री जितेन्द्र सिंह, कोर्ट मोहर्रिर श्री प्रिंस तेवतिया तथा पैरोकार हेड कांस्टेबल बिनीत कुमार की भूमिका सराहनीय रही। फतेहगढ़ पुलिस की यह सफलता प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की दिशा में एक और मजबूत कदम मानी जा रही है। पुलिस प्रशासन ने पुनः यह संदेश दिया है कि अपराध कर कोई भी व्यक्ति कानून से बच नहीं सकता।