फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 जून 2025 जनपद में आज 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद के मंडी समिति मैदान, सातनपुर में योग का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और भगवान धन्वंतरि व महर्षि पतंजलि के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया।
इस अवसर पर जनपद के कई विशिष्ट अतिथियों ने सहभागिता की, जिनमें सांसद मुकेश राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, भोजपुर विधायक नागेन्द्र राठौर, कायमगंज विधायक सुरभि गंगवार, मण्डलायुक्त कानपुर के. विजयेन्द्र पांडियन, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद राजपूत, एवं नगर पालिका अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
योग सत्र का संचालन मास्टर ट्रेनर योग प्रशिक्षक श्री अंकुर द्विवेदी द्वारा किया गया, जिसमें कामन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया गया। इस अभ्यास सत्र में अधिकारियों, कर्मचारियों, आयुष विभाग से जुड़े कर्मियों, क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार, मीडिया प्रतिनिधियों समेत कुल 950 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा विशाखापत्तनम में आयोजित योग कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने उत्साहपूर्वक देखा।इसके अतिरिक्त, योग सप्ताह के अंतर्गत आयोजित की गई विभिन्न योग प्रतियोगिताओं के 41 विजेताओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए, जिससे प्रतिभागियों और आयोजकों का उत्साह और अधिक बढ़ गया।इस सफल आयोजन ने एक बार फिर यह साबित किया कि योग भारत की सांस्कृतिक धरोहर ही नहीं, बल्कि जन-जन की स्वस्थ जीवनशैली की प्रेरणा बन चुका है।
