लखीमपुर खीरी – बुधवार को भारतीय दिव्यांग यूनियन के तत्वावधान में जिले भर से आए दिव्यांगजनों ने अपनी बहुप्रतीक्षित मांगों को लेकर शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया।धरने पर बैठे प्रतिभागियों ने शासन व प्रशासन के समक्ष यह मांग रखी कि दिव्यांग पेंशन में यथोचित वृद्धि की जाए,सहायक उपकरण जैसे ट्राईसाइकिल,व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र आदि का वितरण शीघ्र हो तथा दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 का पूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।उनकी प्रमुख मांगों में शिक्षा व रोजगार में आरक्षण की अनदेखी पर चिंता जताई गई एवं जिला दिव्यांग कल्याण बोर्ड की नियमित बैठक की आवश्यकता पर बल दिया गया।धरना स्थल पर उपस्थित दिव्यांगजन, व्हीलचेयर, बैसाखी व कृत्रिम अंगों के सहारे आए और शांतिपूर्वक अपने अधिकारों की आवाज बुलंद की।धरना स्थल पर मानवीय संवेदनाओं की गूंज और संघर्ष की प्रतीकात्मक शांति देखी गई।भारतीय दिव्यांग यूनियन के पदाधिकारियों ने प्रशासन से वार्ता कर शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताई।संवेदना यदि व्यवस्था से टकराए तो परिवर्तन का बीज अवश्य अंकुरित होता है।इस शांतिपूर्ण आंदोलन ने न केवल प्रशासन का ध्यान आकृष्ट किया बल्कि समाज को भी आत्ममंथन की आवश्यकता का संदेश दिया।
संवाददाता – अनुज कुमार गुप्ता
