फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 जून 2025 पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन अनुभाग-7 के निर्देश पर विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में फर्रूखाबाद वन प्रभाग द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “एक पेड़ माँ के नाम 2.0” थीम पर आधारित इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और वृक्षारोपण को प्रोत्साहित करना रहा।
यह कार्यक्रम रेड रोड एजुकेशनल इंटरनेशनल, पांचाल घाट में आयोजित किया गया, जिसमें प्रदर्शनी, विचार गोष्ठी, संवाद और पौध वितरण जैसे विविध गतिविधियाँ सम्मिलित रहीं। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि माननीय सांसद मुकेश राजपूत शामिल हुए। इनके साथ ही फतेहचन्द्र वर्मा (जिलाध्यक्ष भाजपा), विरेन्द्र कटेरिया (जिला उपाध्यक्ष भाजपा), रमला राठौर (मण्डल अध्यक्ष), हिमांशु गुप्ता (जिला महामंत्री भाजपा) भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
फर्रूखाबाद के जिलाधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार द्विवेदी ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई और पवित्र त्रिवेणी वन में पीपल, बरगद एवं नीम के पौधों का रोपण कर कार्यक्रम को पर्यावरणीय संकल्प से जोड़ा। इस अवसर पर उन्होंने कहा,
“प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा अपनी माता को समर्पित करते हुए अवश्य लगाना चाहिए, यही सच्ची श्रद्धांजलि है और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।” उन्होंने आगे बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार जुलाई के पहले सप्ताह में वृक्षारोपण महाअभियान चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत जनपद के विभिन्न स्थानों पर व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा। इस अभियान में प्रशासनिक विभागों के साथ-साथ विभिन्न कार्यदायी संस्थाएं भी सक्रिय भूमिका निभाएंगी।
इस मौके पर श्री राजीव कुमार (प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी प्रभाग), श्री अनूप कुमार (क्षेत्रीय वन अधिकारी) समेत वन विभाग के अधिकारी, जिले के अन्य प्रशासनिक अधिकारी, विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। “एक पेड़ माँ के नाम” जैसी पहल न केवल पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता को बढ़ावा देती है बल्कि सामाजिक भावनात्मक जुड़ाव भी स्थापित करती है। ऐसे आयोजनों से यह स्पष्ट होता है कि समाज अब हरित भविष्य की दिशा में गंभीर कदम उठा रहा है।
