फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 जून 2025 उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार जनपद फर्रूखाबाद में किसानों को गुणवत्तायुक्त और निर्धारित मूल्य पर बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी के आदेश पर कृषि विभाग और अन्य विभागों के अधिकारियों की संयुक्त टीमें गठित की गईं, जिन्होंने जिले की सभी तहसीलों में बीज विक्रेताओं पर छापेमारी की।
तीनों तहसीलों में कार्रवाई
जिला कृषि अधिकारी बी.के. सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सदर तहसील में जिला कृषि अधिकारी और जिला आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी, कायमगंज में भूमि संरक्षण अधिकारी एवं जिला गन्ना अधिकारी तथा अमृतपुर में उप सम्भागीय कृषि प्रसार अधिकारी सदर एवं अपर जिला कृषि अधिकारी की टीमों ने छापेमारी की।
इस अभियान के तहत 32 प्रतिष्ठानों पर निरीक्षण किया गया और बीज के 21 नमूने जांच हेतु प्रयोगशालाओं में भेजे गए हैं। यदि किसी भी नमूने की गुणवत्ता मानक के अनुरूप नहीं पाई गई तो संबंधित प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निरस्त किए जाएंगे और उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बिना सूचना के दुकान बंद: नोटिस जारी
छापेमारी के दौरान दो प्रतिष्ठान मै० शम्भू बीज भण्डार एवं मै० खेती-बाड़ी बीज भण्डार, दोनों जिला जेल चौराहा, फतेहगढ़ स्थित निरीक्षण के समय बिना किसी सूचना के बंद मिले। इस पर जिला कृषि अधिकारी ने दोनों विक्रेताओं को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी किया है। समय से संतोषजनक उत्तर न देने पर उनके बीज विक्रय लाइसेंस को निलंबित अथवा स्थाई रूप से निरस्त किया जा सकता है।
कृषकों के हित में कार्रवाई जारी रहेगी
जिला कृषि अधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसानों के हित में इस प्रकार की छापेमारी आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने सभी बीज विक्रेताओं को निर्देश दिए कि वे स्टॉक एवं बिक्री रजिस्टर, जो कृषि विभाग द्वारा प्रमाणित होता है, अनिवार्य रूप से प्रतिष्ठान में रखें। साथ ही, जिन बीज कंपनियों के बीज बेचे जा रहे हैं, उनका प्राधिकृत उल्लेख विक्रेता के लाइसेंस में होना जरूरी है।
समाप्त
यह कार्रवाई किसानों को फर्जी, घटिया और महंगे बीजों से बचाने की दिशा में प्रशासन का एक ठोस प्रयास है, जिससे कृषि क्षेत्र में पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित हो सके।
