फर्रूखाबाद:महिला सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन हुआ सख्त, कई अहम निर्णय लिए गए।

(द दस्तक 24 न्यूज़) , 03 जून 2025 महिला सुरक्षा को लेकर उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग, लखनऊ के निर्देश पर आज जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर गंभीर मंथन किया गया और कई ठोस निर्णय लिए गए।

बैठक में पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर, महिला थानाध्यक्ष, जिला विद्यालय निरीक्षक, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी समेत सभी सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान निम्नलिखित प्रमुख निर्णय लिए गए:

1. सार्वजनिक परिवहन में पारदर्शिता बढ़ेगी:

जनपद में चलने वाले ई-रिक्शा, ओला कैब, ऑटो, टैम्पो आदि वाहनों पर चालक का नाम, मोबाइल नंबर और फोटोयुक्त ड्राइविंग लाइसेंस स्पष्ट रूप से चस्पा किया जाएगा। साथ ही टैक्सी वाहनों से चाइल्ड लॉक की सुविधा हटाने के निर्देश सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी को दिए गए हैं।

2. स्कूलों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम:

निर्जन स्थलों, बालिका विद्यालयों, ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित स्कूलों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में सीसीटीवी कैमरे एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश जिला विद्यालय निरीक्षक व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिए गए हैं।

3. संवेदनशील स्थलों पर बढ़ेगी पुलिस गश्त:

महिलाओं के अधिक आवागमन वाले बस स्टॉप, पार्क, बाजार, शॉपिंग मॉल्स और चूड़ी वाली गली फतेहगढ़ जैसे सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस गश्त को बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इस कार्य के लिए पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

4. अवांछित तत्वों पर निगरानी:

प्रत्येक थाना क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की पहचान कर उन पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। इनके क्रियाकलापों पर नजर रखने हेतु महिला एसओजी टीम का गठन किया जाएगा।

5. हेल्पलाइन नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार:

महिला अपराधों की रोकथाम हेतु विशेष पुलिस बल, जिसमें महिला अधिकारी शामिल होंगी, का गठन किया जाएगा। साथ ही 1090, 112, 102, 108, 181, 1076 और 1098 जैसे हेल्पलाइन नंबरों को सार्वजनिक स्थलों पर प्रमुखता से अंकित कराया जाएगा।

बैठक में लिए गए सभी निर्णयों का उद्देश्य जनपद में महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देना और समाज में महिला सम्मान की भावना को और अधिक मजबूत करना है। अंत में बैठक को सधन्यवाद समाप्त किया गया।

Leave a Comment