मजबूत हो रहा सम्यक पार्टी का संगठन , पूर्व आईएएस संतोष कुमार बने प्रदेश अध्यक्ष उत्तर प्रदेश

सम्यक पार्टी का संगठन लगातार मजबूत हो रहा है। रविवार को डॉ. सोमेन्द्र सिंह और मोहम्मद अरशद को राष्ट्रीय सचिव, पूर्व आईएएस संतोष कुमार को उत्तर प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष और सूरज सिंह को वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष नामित किया गया है।

प्रदेश अध्यक्ष संतोष कुमार पूर्व आईएएस अधिकारी रहे हैं, और 2024 में सेवानिवृत्त हुए हैं। आपने सेवाकाल के दौरान उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में विभिन्न पदों पर सेवाएं दी हैं। प्रशासनिक सेवा से पूर्व आप रजिस्ट्री विभाग में सब रजिस्ट्रार और उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा में भी रहे हैं। आप इलाहाबाद विश्वविद्यालय से लॉ में स्नातक हैं। आप मूलतः कुंडा, प्रतापगढ़ के निवासी हैं और वर्तमान में लखनऊ में रह रहे हैं।

वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सूरज सिंह नगर निगम लखनऊ में मुख्य कर निर्धारण अधिकारी रहे हैं। आपने सेवा में आने से पूर्व छात्र जीवन में ही सामाजिक कार्य शुरू कर दिए थे। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के दौरान इलाहाबाद में प्रियदर्शी छात्र मंच का गठन किया और इसके पहले अध्यक्ष रहे। इस मंच के बैनर तले आपने अनेक बुद्धिजीवियों और नेताओं के सेमिनार कराए। प्रसिद्ध विचारक और लेखक डॉ. तुलसीराम जी उनमें से एक थे। आपने डॉ. तुलसीराम जी द्वारा सम्पादित पत्रिका अश्वघोष में लेखन कार्य किया है। सेवाकाल के दौरान अपने मूल निवास उरई में बाबासाहब भीमराव अम्बेडकर के नाम से पुस्तकालय भी खोला था। आपने समाज सेवा के उद्देश्य से 2020 में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली, और कई सामाजिक कार्यों में संलग्न रहे हैं।

राष्ट्रीय सचिव डॉ . सोमेन्द्र सिंह रूरा, कानपुर देहात के एक महाविद्यालय में प्राचार्य हैं। आपने राजनीति की शुरुआत बसपा से की थी। इसके बाद आपने लोजपा, RLD (सुनील सिंह) और कल्याण सिंह की RJP में कार्य किया। इस प्रकार उनकी राजनीति में सदैव संगतता रही है, और वह सदैव वंचित बहुसंख्यक पसमांदा वर्ग की राजनीति के साथ रहे हैं। आपने गोविंद नगर विधानसभा से दो बार चुनाव भी लड़ा है।

राष्ट्रीय सचिव माननीय मोहम्मद अरशद इससे पूर्व उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं। उनके कार्यकाल में पार्टी का संगठन काफी मजबूत हुआ। अब उन्हें पदोन्नति देकर राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। आप छात्र जीवन से ही समाजवादी राजनीति से जुड़े रहे हैं और बलरामपुर से चेयरमैन पद के लिए चुनाव भी लड़ा है। आप भगवान बुद्ध समाज सेवा संस्थान के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष हैं। आप शिक्षा के क्षेत्र में भी कार्य कर रहे हैं और मिल्ली कारवां पब्लिक स्कूल बलरामपुर के संस्थापक हैं।

पार्टी के प्रथम राष्ट्रीय अध्यक्ष तपेन्द्र प्रसाद शाक्य ने कहा कि सम्यक पार्टी देश की पहली पूर्ण लोकतांत्रिक पार्टी है। इसके संगठन में राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित हर पद पर लगातार बदलाव हो रहा है। वह पार्टी के पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। दूसरे राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शिव प्रसाद विश्वकर्मा रहे और वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष राजामणि सुब्बैया राय हैं।

सम्यक पार्टी की विचारधारा भी लोकतांत्रिक है। पार्टी के प्रमुख मुद्दे गुणवत्तापूर्ण नि:शुल्क शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं, रोजगार; सामाजिक, राजनैतिक, आर्थिक, शैक्षिक न्याय; समता, समानता, भ्रातृत्व, राष्ट्रीय न्यायिक परीक्षा के माध्यम से जजों की नियुक्ति, आरक्षण का वर्गीकरण, जातिगत जनगणना, पंथ निरपेक्षता, स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू करना, आदि हैं।

Leave a Comment