फर्रुखाबाद के कायमगंज प्रकरण पर प्रियंका गांधी का सवाल, क्या बेटियों संग सलूक जानने का हक नहीं

कायमगंज के एक बाग में दो सहेलियों के फंदे पर शव मिलने की घटना पर राष्ट्रीय स्तर पर सियासत चरम सीमा पर पहुंच रही है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने एक्स पर लिखा कि क्या परिजनों को बेटियों पर हुआ सलूक जानने का हक नहीं है। उधर, सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बुधवार को प्रतिनिधिमंडल भेजकर सांत्वना और इंसाफ की आवाज उठाने की बात कही। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने एक्स पर एक लड़की के पिता का वीडियो अटैच करके लिखा कि इतनी भयावह घटना के बाद एक पिता को ये सवाल क्यों उठाने पड़ रहे हैं। क्या एक पीड़ित पिता को भी हक नहीं कि उसकी बेटी के साथ क्या सलूक हुआ। आखिर प्रशासन बच्चियों के शवों को जलाने की जल्दबाजी क्यों दिखा रहा है। प्रशासन का रवैया कई सवाल खड़े कर रहा है। हाथरस, उन्नाव हो अथवा फर्रुखाबाद, सभी जगह वही क्रूर कहानी दोहराई जा रही है। महिला, गरीब, कमजोर अब न्याय की आशा छोड़ दें। उधर, सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर दूसरी पोस्ट डाली। कहा कि भाजपा सरकार की चुप्पी विचलित करने वाली है। शायद इसकी दो वजह हैं। पहली भाजपा स्त्री विरोधी कुविचार और दूसरा एससीएसटी विरोधी। सपा प्रतिनिधिमंडल भेजकर सांत्वना और इंसाफ के लिए आवाज उठाएगी। भाजपा से कोई उम्मीद नहीं बची। वह केवल राजनीतिक फायदे वाले मुद्दे उठाती है। भाजपा शासित राज्यों में महिला अपराधों के मामले मुंह, आंख, कान, नैतिकता के सभी दरवाजे बंद करके बैठ जाती है।