पीलीभीत में दहेज की मांग को लेकर बरात में विवाद, चले लाठी-डंडे

कलीनगर में दहेज की मांग को लेकर वर-वधू पक्षों में विवाद हो गया। आधे घंटे तक लाठी-डंडे चले। दो लोग गंभीर घायल हुए। घायलों का माधोटांडा सीएचसी में उपचार कराया गया। विवाद के बाद बरात भी वापस चली गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मामला माधोटांडा क्षेत्र के गांव लक्ष्मीपुर का है। रविवार रात गांव में ही शादी का कार्यक्रम था। वर पक्ष बरात लेकर गांव में ही लड़की के घर पहुंचा। आरोप है कि इस दौरान लड़के पक्ष के लोगों ने दहेज में कार और तीन लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। वधू पक्ष ने असमर्थता जताई। कहासुनी के बाद मामला तूल पकड़ गया।

दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। लाठी-डंडे भी चले। मारपीट में वीरपाल और नंदराम को गंभीर चोटें आईं। अफरातफरी मच गई। बरात भी लौट गई। घायलों को माधोटांडा सीएचसी लाकर उपचार कराया गया। एसओ अचल कुमार ने बताया कि जांच कराई जा रही है।