मैनपुरी में चार साल के बेटे साथ बेड पर सो रही थी मां, अचानक मौत ने मारा झपट्टा

उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में शनिवार की रात घर में सो रही एक महिला को सांप ने काट लिया। जानकारी होने के बाद आनन फानन परिजन फिरोजाबाद ले गए। वहां महिला ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजन में कोहराम मच गया। गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।

घटना घिरोर थाना क्षेत्र के गांव बड़ाहार की है। गांव निवासी प्रेम कुमार की पत्नी शिवानी (26) शनिवार की रात चार वर्षीय पुत्र गुरुदेव के साथ बेड पर सो रहीं थीं। तभी घर में घुसे एक सांप ने महिला की उंगली में काट लिया। दर्द होने पर महिला जाग गई। पहले तो महिला ने ध्यान नहीं दिया। लेकिन अचानक नजर सांप पर पड़ गई।

महिला की चीख पुकार सुनकर परिजन आ गए। आनन फानन में परिजन शिवानी को इलाज के लिए फिरोजाबाद ले गए। वहां इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजन में चीख पुकार मच गई। महिला के शव को परिजन देर रात गांव लेकर पहुंचे। रविवार को गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। हादसे के बाद मृतका के परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

औंछा थाना क्षेत्र के गांव ईकरी निवासी रामपाल सिंह चौहान की मोना देवी रविवार को अपने घर पर पुआल को एकत्रित कर रही थीं कि उन्हें सर्प ने काट लिया। परिजनों ने सर्प को मौके पर ही मार दिया और मृत सर्प के साथ मोना देवी को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां उपचार के बाद मोना देवी की हालत में सुधार था।