मैनपुरी में पिकअप लोडर डिवाइडर से टकराई, लोडर में सवार चालक की मौत, क्लीनर घायल, बिहार में भाड़ा उतार कर घर लौट रहे थे

मैनपुरी के कुरावली ​​​​​​थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार पिकअप लोडर वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। टकराने की तेज आवाज सुन पहुंचे आसपास के लोग और पुलिस ने लोडर चालक और सह चालक को बाहर निकाला। तब तक लोडर चालक की मौत हो गई थी। हादसे में घायल हुए सह चालक को पुलिस ने इलाज के जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चालक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

सड़क हादसा कुरावली थाना क्षेत्र से गुजरने वाले NH-91 से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार जनपद हाथरस के थाना सिकंदराराऊ के गांव नगला बिहारी निवासी अलवर पुत्र अशरफ लोडर पिकअप वाहन चलाने का काम करता है। वह अपने क्षेत्र से भाड़े को लेकर अपने साले आरिफ के साथ बिहार भाड़ा डालने गया था। जहां से वह अपने घर लौट रहा था।

तभी बीते रात लगभग 12 से 1 बजे वह कुरावली थाना क्षेत्र में पहुंचा था। तभी उसकी गाड़ी सड़क पर बने डिवाइडर से अनियंत्रित होकर टकरा गई। हादसे में चालक जीजा अलवर पुत्र अशरफ की घटनास्थल पर मौत हो गई। वहीं उसका साला आरिफ गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।