पीलीभीत में चंद्रयान-3 की लैंडिंग होते ही खुशी से झूमे विद्यार्थी

पीलीभीत में चंद्रयान-3 के चंद्रमा की सतह पर लैंडिंग का बुधवार शाम स्कूलों में लाइव प्रसारण दिखाया गया। इसके अलावा अन्य लोगों ने भी इसका लाइव प्रसारण देखा। चंद्रयान के चंद्रमा की सतह पर सफलता पूर्वक उतरते ही विद्यार्थी खुशी से उछल पडे। लोगों ने आतिशबाजी दागकर खुशी मनाई। मिठाई बांटकर हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए।

गोस्वामीज़ मॉम्स प्राइड स्कूल के प्रांगण में मिशन चंद्रयान-3 की लैंडिंग का सीधा प्रसारण बच्चों को दिखाया गया। प्रबंधक निशांत गोस्वामी व संरक्षक सोनिया गोस्वामी ने सभी विद्यार्थियों सहित विद्यालय परिवार के साथ प्रोजेक्टर की सहायता से सीधा प्रसारण देखा। साथ ही मिशन की महत्ता के विषय में बताया। स्प्रिंगडेल कॉलेज में शाम पांच बजे लाइव प्रसारण दिखाया गया। सफल लैंडिंग होने पर छात्रों में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यालय के कार्यकारी निदेशक डॉ. हेमंत जगोता एवं प्रधानाचार्या प्रिया आनंद ने चन्द्रयान-3 के बारे में बताया। इसके अलावा व्यापारियों ने भी सफल लैंडिंग होने पर जश्न मनाते हुए आतिशबाजी दागी। एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई।

बीसलपुर में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में छात्रों को सीधा प्रसारण दिखाया गया। बड़ी संख्या में छात्र चंद्रयान-3 के चांद की सतह पर उतरने के ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने। इसके लिए विद्यालय में बड़ी स्क्रीन लगाई गई। प्रधानाचार्य वीरेंद्र कुमार मिश्र, जनार्दन मिश्रा, दिनेश पाल, भगत सिंह, रमेश पाल, राकेश सिंह, तेजप्रकाश, शशिकांत, मेवाराम, संजीव एवं मोहित रस्तोगी आदि उपस्थित रहे। शफ़ी डिग्री कॉलेज में भी सजीव प्रसारण दिखाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्रवक्ता तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।पूरनपुर। बुधवार को क्षेत्र के परिषदीय स्कूलों में चंद्रयान 3 के चांद पर उतरने का लाइव प्रसारण दिखाया गया। इसके लिए दोपहर छुट्टी के बाद शाम पांच बजे दोबारा बच्चों को स्कूल बुलाया गया था। प्रसारण स्कूलों में टीवी और मोबाइल पर दिखाया गया है।