मैनपुरी : किशनी के गोकुलपुर अरसारा में बारात विदा होकर आई तो बहू-भाइयों के साथ डांस किया था, 4 घंटे बाद 5 लोगों को काट डाला

मैनपुरी में दूल्हा-दुल्हन समेत परिवार के 5 लोगों की हत्या करके सुसाइड करने वाले शिववीर का एक वीडियो सामने आया है। इसमें वह डांस करता और पैसे लुटाता दिख रहा है। वीडियो बारात के घर पहुंचने के बाद का यानी घटना से करीब 4 घंटे पहले का है। इसमें नई दुल्हन, दोनों भाई और शिववीर की पत्नी भी नजर आ रही है।इस वीडियो को देखकर न सिर्फ रिश्तेदार और गांव के लोग बल्कि पुलिस भी हैरान है। शिववीर के चेहरे पर जरा भी शिकन नहीं थी। समझ नहीं आ रहा कि जो शख्स पूरे परिवार के साथ डांस कर रहा था। वह कुछ घंटे बाद पूरे परिवार की हत्या करने वाला है। फिलहाल, इस जघन्य हत्याकांड को लेकर पुलिस की तफ्तीश जारी है। अभी भी हत्याकांड की असल वजह पता नहीं चल पाई है। मैनपुरी के अरसारा गांव में 23 जून की रात शिववीर ने दूल्हा-दुल्हन समेत परिवार के 5 लोगों की सोते समय फरसे से काटकर हत्या कर दी थी। फिर शिववीर ने गोली मारकर खुद सुसाइड कर लिया था। यही नहीं, उसने अपनी पत्नी और मामी पर भी जानलेवा हमला किया। शिववीर दो भाई थे सोनू और भुल्लन। सोनू की उसी दिन बारात लौटकर आई थी। सबसे पहले पहले शिववीर ने दूल्हा-दुल्हन यानी सोनू और उसकी पत्नी सोनी, फिर अपने जीजा सौरव, अपने छोटे भाई भुल्लन और सोनू के दोस्त दीपक की हत्या की। बाद में कनपटी पर गोली मारकर सुसाइड कर लिया था। बारात लौटने के बाद दुल्हन की मुंह दिखाई की रस्म के बाद शाम को घर के आंगन में संगीत का कार्यक्रम रखा गया। घर में रिश्तेदारों की भीड़ थी। रात 8 बजे आंगन में डीजे बजा और महिलाएं डांस करने लगीं। इसके बाद शिववीर भी जश्न में शरीक हो गया। वह भी डांस करने लगा। रात 12 बजे तक ये पूरा कार्यक्रम चलता रहा। इसके बाद दूल्हा दुल्हन समेत परिवार के सभी लोग खाना खाने चले गए। लेकिन इधर शिववीर हत्याकांड को अंजाम देने की प्लानिंग करने लगा। उसने कोल्ड ड्रिंक मंगवाई और सभी को पिलाई। माना जा रहा है कि उस कोल्ड ड्रिंक में उसने कोई नशीला पदार्थ मिलाया था। उसे पीकर ज्यादातर लोग गहरी नींद में सो गए। शिववीर की मामी ने भी कहा था कि कोल्ड ड्रिंक में साबुन जैसी बदबू आ रही थी।घर में 3 भाईयों, नई दुल्हन, बहनोई और दोस्त के भाई की हत्या के बाद घर में पिता सुभाष यादव, उनकी पत्नी शारदा देवी, शिववीर की पत्नी डॉली और शिववीर का 6 महीने का बेटा किट्टू बचा है।

पिता बोले-घर काटने को दौड़ाता है, हर तरफ खून नजर आता है

शिववीर के पिता सुभाष यादव इस पूरे हत्याकांड के बाद टूट गए हैं। इस पूरे कांड में उन्होंने 3 बेटों को खो दिया। वह कहते हैं, “मेरे भरे पूरे परिवार में 6 महीने का किट्टू और उसकी 3 साल की बहन बची है। पूरा घर काटने को दौड़ता है। हत्याकांड का मंजर न चाहकर भी याद आता है। हर तरफ अपने बच्चों और बहू की लाशें और खून नजर आता है।” शिववीर ने अपनी इकलौती बहन के पति सौरभ यादव की भी हत्या कर दी। सौरभ के पिता राधाकृष्ण कहते हैं, “सौरभ की शादी 2 साल पहले शिववीर की बहन प्रियंका के साथ विवाह हुई थी। मेरे दो बेटे थे। जिसमें सौरभ छोटा था। सौरभ के एक 14 माह का बेटा माधव है। शिववीर का ऐसा स्वभाव कभी देखने को नहीं मिला था। जरा भी अंदाजा होता कि शिववीर ऐसा नरसंहार कर देगा तो कभी बेटे बहू को वहां नहीं भेजता।”

बहन बोली- कर्ज नहीं था, प्लॉट में शिववीर ने पैसे दिए थे

शिववीर की बहन प्रियंका ने बताया,”भाई शिववीर पर कर्ज नहीं था। 6 महीने पहले जनवरी में 7 लाख कीमत का एक प्लॉट मां के नाम खरीदा गया था। इसके लिए उसका और शिववीर की पत्नी डॉली का जेवर एक बैंक में गिरवी रखकर 5 लाख रुपए गोल्ड लोन लिया था। प्लॉट खरीदने में शिववीर ने भी 35 हजार रुपए थे। इसलिए घर में कर्ज की कोई बात थी ही नहीं।” वंश चलाने को बचा शिववीर का 6 महीने का बेटा

इस मामले की जांच कर रहे थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया,”मृतक शिववीर के मोबाइल से किसी प्रकार की संदेहास्पद चैट नहीं मिली है। सामान्य चैटिंग ही पाई गई। लेकिन अभी भी हम लोगों के हाथ हत्याकांड का कोई ठोस सबूत या वजह नहीं लगी है। हर पहलू पर जांच की जा रही है।”

रिपोटर द दस्तक 24 न्यूज – अर्पित यादव