फर्रूखाबाद:विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान आज से,जिला मुख्यालय से संचारी रोगों से जागरूक करने के लिए निकलेगी रैली

फर्रुखाबाद, 31 मार्च  2023 जिले में शनिवार से 30 अप्रैल तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण माह शुरू हो रहा हैl इस अभियान के तहत प्रदेशवासियों को वेक्टर जनित रोगों, जल जनित रोगों व लू आदि से बचाव व उपचार के बारे में जागरूक किया जाएगा। इसी बीच 17 अप्रैल से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान भी संचालित किया जाएगा। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अवनीन्द्र कुमार ने दी है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान आशा संगिनी, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रमुख भूमिका में घर-घर जाकर अभियान सफल बनाएंगी।

वेक्टर बार्न  डिजीज के नोडल अधिकारी डॉ यूसी वर्मा ने बताया कि दस्तक अभियान के दौरान प्रशिक्षित आशा कार्यकर्ता तथा आंगनबाड़ी द्वारा घर घर जाकर लोगो को संचारी रोगों से बचाव के उपाय , लक्षण एवं निकटतम स्वास्थ्य केंद्र के बारे में जानकारी उपलब्ध कराई जायेगी | इस दौरान आशा कार्यकर्त्ताओं द्वारा दिमागी बुखार के लक्षणों एवं उपचार के विषय में समुदाय को जागरूक किया जाएगा | आशा  घरों के अंदर प्रवेश कर मच्छरों के पैदा होने वाली परिस्थितियों का निरिक्षण किया जाएगा। मलेरिया जांच में भी आशा सहयोग करेंगी। साथ ही कोविड 19 के बारे में भी लोगों को जागरुक करेंगी l
जिला मलेरिया अधिकारी (डीएमओ) डॉ आर सी माथुर ने  बताया  कि इस चरण में आशा बुखार के अतिरिक्त खांसी तथा सांस लेने में दिक्कत या परेशानी की शिकायत वाले रोगियों को भी चिन्हित करेंगी और उन्हें  कोविड जांच के लिए संदर्भित करेंगी। साथ ही इस दौरान टीबी रोगियों की खोज और कुपोषित बच्चों की सूची भी आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बनाएंगी | इसकी सफलता के लिए विकास खंड अधिकारी, शिक्षा विभाग,बाल विकास परियोजना विभाग , ग्राम पंचायत/ग्राम प्रधान, नगर निगम/पंचायत आदि का विशेष सहयोग रहेगा।
मलेरिया इंस्पेक्टर विकास दिवाकर ने बताया कि अभियान की सफलता के लिए 1442 आशा कार्यकर्ता लगाई गई हैं और जिले में सर्वाधिक लार्वा मिलने पर 21 हॉट स्पॉट चिन्निहित किए हैं।
साथ ही कहा कि अभियान की सफ़लता के लिए जिला मुख्यालय के साथ साथ ब्लॉक स्तर से भी रैली निकाली जाएगी l