भारत जोड़ो यात्रा के दौरान खेत में अचानक पैरामोटर गिरा, mp में आज तीसरा दिन,भगदड़ मचते-मचते बची

कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा शुक्रवार सुबह एकबार फिर शुरू हुई। मध्यप्रदेश में आज यात्रा का तीसरा दिन है। उनके साथ उनकी बहन और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी के अलावा दिग्विजय सिंह समेत मप्र कांग्रेस के सभी बड़े नेता चल रहे हैं। वे सुबह टी-ब्रेक लिए बिना ही यात्रा के लिए आगे बढ़ गए। यात्रा की शुरुआत सुबह 6 बजे से खरगोन जिले के खेरदा गांव से हुई। यहां से यात्रा खरगोन पहुंची। यात्रा का मॉर्निंग ब्रेक सुबह 10.30 बजे भानबरड में होगा। यहां से यात्रा बड़वाह विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश करेगी। राहुल गांधी शाम को ओंकारेश्वर में दर्शन करेंगे। इसके बाद उनका नर्मदा पूजन का कार्यक्रम है। आज राहुल 23 किलोमीटर पैदल यात्रा करेंगे।
यात्रा के दौरान खेत में अचानक पैरामोटर गिर पड़ा। जिससे भगदड़ मचते-मचते बच गई। खरगोन पुलिस को बगैर बताए यात्रा के समर्थन में पैरामोटरिंग की जा रही थी। यात्रा शुरू होने के 4 किलोमीटर बाद पैरामोटर देख पुलिस ने उड़ान रुकवा दी। कुल 2 पैरामोटर उड़ने थे। एक यात्रा के ऊपर उड़ रहा था। दूसरा अचानक उड़ते ही खेत में गिर गया। इस पर पुलिस ने तुरंत रोक लगाई।
6 बजे यात्रा शुरू होने के बाद यात्रा 7 बजे तक 5 किलोमीटर आगे बढ़ चुकी थी। राहुल ने सुबह 7.50 पर धनगांव में रुककर टी-ब्रेक लिया। वे यहां करीब आधे घंटे रुके।
शुक्रवार को राहुल गांधी का काफिला इंदौर-इच्छापुर हाईवे से निकला। भानबरड में दोपहर के खाने और आराम की व्यवस्था की गई है। हाईवे से लगे एक खेत में करीब 20 हजार वर्ग फीट में टेंट लगाया गया है। यहां करीब 25 हजार कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता भोजन करेंगे। राहुल भानबरड से पैदल शाम को सनावद पहुंचेंगे। नर्मदा पूजन के बाद यात्रा का समापन कर वे नाइट स्टे के लिए खंडवा के मोरटक्का रवाना होंगे।
कल यानी शनिवार सुबह 6 बजे मोरटक्का पुल से होती हुई यात्रा बड़वाह पहुंचेगी। यहां बनिहार में सुबह 11 बजे मॉर्निंग ब्रेक होगा। बलवाड़ा होते हुए यात्रा शाम को महू पहुंचेगी। यहां राहुल संविधान दिवस पर अंबेडकर प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। ​
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और उनके पति रॉबर्ट भी साथ हैं। यह पहला मौका है जब प्रियंका इस यात्रा में शामिल हुई हैं। (फोटो में राहुल और प्रियंका के साथ राजस्थान कांग्रेस के नेता सचिन पायलट)।
बासवां गांव में चाय की व्यवस्था
मोरटक्का में यात्रा के नाइट स्टे के लिए 200 लोगों की व्यवस्था की गई है। यहां राहुल के अलावा प्रियंका गांधी समेत बड़े कांग्रेसी नेता रुकेंगे। बासवां गांव में राहुल गांधी की यात्रा में शामिल भारत यात्रियों के स्वागत की पूरी तैयारी है। यहां ग्रामीण गांव के हर घर से दूध एकत्रित करके उन्हें स्पेशल चाय पिलाएंगे।
भारत जोड़ो यात्रा में कांग्रेस सेवा दल भी साथ चल रहा है। इसका गठन 8 दिसंबर 1923 को हिंदुस्तानी सेवादल के नाम से किया गया था। 1947 में इसका नाम हिंदुस्तानी सेवा दल से बदलकर कांग्रेस सेवा दल कर दिया गया।
एमपी में अब तक 46 किमी पैदल चले राहुल
मध्यप्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत 23 नवंबर को बुरहानपुर के बोदरली से हुई थी। पहले दिन राहुल गांधी 23 किमी पैदल चले थे। दूसरे दिन गुरुवार को बोरगांव बुजुर्ग से यात्रा शुरू हुई। यात्रा पहले चरण में 14 किलोमीटर से ज्यादा चली। कुल 23 किमी का सफर तय कर वे आखिरी पड़ाव छैगांव माखन पहुंचे। यहां नाइट स्टे के लिए वे खरगोन जिले के खेरदा में पहुंचे। यात्रा में राहुल के साथ प्रदेश कांग्रेस के तमाम नेता और उनकी बहन प्रियंका भी शामिल रहीं।

प्रियंका के साथ पति रॉबर्ट वाड्रा और बेटे रेहान वाड्रा भी चले। कन्हैया कुमार भी यात्रा में साथ रहे। इससे पहले सोनिया गांधी 1 दिन के लिए यात्रा में शामिल हुई थीं। मध्यप्रदेश में यहा यात्रा 12 दिन में 6 जिलों को नापती हुई 4 दिसंबर को आगे राजस्थान में एंट्री करेगी।
एमपी में भारत जोड़ो यात्रा के पहले दिन राहुल गांधी ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने बुरहानपुर के ट्रांसपोर्ट नगर में शाम को हुई सभा में कहा कि मध्यप्रदेश में हम चुनाव जीते थे। हमारी सरकार थी। बीजेपी ने करोड़ों रुपए देकर 20-25 भ्रष्ट विधायकों को खरीद लिया और सरकार बना ली। राहुल गांधी ने कहा कि बुरहानपुर मोहब्बत का सेंटर है। ये बात आप हिंदुस्तान को हजारों सालों से कह रहे हो। हम मोहब्बत के इस मैसेज को श्रीनगर तक ले जाएंगे।