पीलीभीत :उप मुख्यमंत्री जी द्वारा मेडिकल कालेज के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के दिये निर्देश।

पीलीभीत उप मुख्यमंत्री उ0प्र0 शासन बृजेश पाठक द्वारा निर्माणाधीन मेडिकल कालेज का औचक निरीक्षण किया गया। उप मुख्यमंत्री द्वारा कॉलेज के सम्बन्ध में मैप लेआउट के माध्यम से जानकारी ली गई। निरीक्षण के दौरान मंत्री द्वारा निर्माणाधीन मेडिकल कालेज के निर्माण कार्यों को देखा गया। निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री द्वारा कालेज की बाउण्ड्रीवाल के सम्बन्ध में जानकारी ली गई, उप मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि कालेज की बाउण्ड्रीवाल का कार्य पूर्ण हो चुका है। उप मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि मेडिकल कॉलेज का निर्माण माह जून तक पूर्ण हो जायेगा। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों व निर्माणाधीन संस्था को निर्देश दिये गये माह मार्च तक कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित किया जाये। इसके साथ ही साथ उप मुख्यमंत्री द्वारा निर्माणाधीन कॉलेज में चल रहे कार्यों को तेजी से कराने के निर्देश दिये गये।
इसके उपरान्त उन्होंने जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। जिला चिकित्सालय निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री द्वारा जनरल वार्ड सहित विभिन्न वार्डो का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों और उनके तीमारदारो से वार्ता कर मिल रही चिकित्सा सेवाओं की जानकारी भी ली। इस दौरान उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को जनता को बेहतर चिकित्सा सेवाएं एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश के सभी मरीजों को उच्च कोटि की चिकित्सा व्यवस्था देने के लिए सरकार कृत संकल्पित है। सभी को निःशुल्क दवाईयां मिलें निःशुल्क जांच हो, और उच्च कोटि की सेवाएं मरीजों को मिले, इसके लिए हमारे चिकित्सक निरंतर कार्य कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान साफ सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये गये।
निरीक्षण के दौरान राज्यमंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिले उ0प्र0 शासन संजय सिंह गंगवार, विधायक बरखेडा स्वामी प्रवक्तानन्द, विधायक बीसलपुर विवेक कुमार वर्मा, विधायक पूरनपुर बाबूराम पासवान, जिलाधिकारी पुलकित खरे, पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी, मुख्य विकास अधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 आलोक कुमार, अधिशासी अभियन्ता पीडब्लूडी सहित जनपद स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण व पत्रकार बन्धु उपस्थित रहे।