भाजपा ने यूपी में ‘फिर योगी सरकार’ बनाने के लि‍ए कसी कमर, जेपी नड्डा, अम‍ित शाह और राजनाथ स‍िंह लगे है तैयारी में

चुनाव बूथ से जीते जाते हैं और इस लिहाज से उत्तर प्रदेश के सभी बूथ की परोक्ष निगरानी खुद भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। गुरुवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाबत एक अहम बैठक में बूथ अध्यक्षों की बैठकों के लिए क्षेत्रवार प्रभारी नियुक्त किए गए तो गोरखपुर और कानपुर क्षेत्र की जिम्मेदारी खुद नड्डा ने ली। काशी और अवध क्षेत्र के बूथ अध्यक्ष की बैठक राजनाथ सिंह करेंगे तो बृज और पश्चिम क्षेत्र का प्रभार अमित शाह के पास होगा। वे अपने अपने क्षेत्रों में बूथ अध्यक्षों को जीत का मंत्र देकर उत्साहित करेंगे।
बूथ को लेकर यूं तो भाजपा शुरू से गंभीर रही है लेकिन इस बार जिस तरह बड़े नेताओं के कंधों पर जिम्मेदारी दी गई है उसका स्पष्ट संदेश नीचे तक होगा कि हर किसी को तन मन धन से चुनाव जीतने में जुटना है। गुरुवार को भाजपा अध्यक्ष नड्डा की अध्यक्षता में हुई बैठक में संगठन महामंत्री बीएल संतोष, चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह, उत्तर प्रदेश के संगठन महामंत्री सुनील बंसल और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह मौजूद रहे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 22-23 नवंबर तक यूपी के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे राज्य इकाई के अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे और चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे। वहीं गृह मंत्री अमित शाह इन बूथ सम्मेलनों के लिए ब्रज और राज्य के पश्चिमी हिस्सों में जा रहे हैं।
स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि बैठक में चुनाव प्रचार व अन्य रणनीतियों पर चर्चा हुई। विजय संकल्प यात्राओं के रूट और तारीखों पर चर्चा हो रही है। बैठक में राज्य के चार हिस्सों से ‘विजय संकल्प यात्रा’ आयोजित करने का फैसला लिया गया। प्रधानमंत्री की भावी रैलियों को लेकर व्यापक तैयारी हो रही है। पार्टी ने सभी प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने प्रभार वाले क्षेत्र में अस्थायी निवास बनाएं। सारी राजनीतिक गतिविधियां वहीं से करें और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद रखें।

नड्डा, शाह और राजनाथ जहां बड़ी बैठकें करेंगे वहीं प्रभारियों को लगातार संवाद और संपर्क बनाए रखने और फीडबैक लेते रहने को कहा गया है। बताया जाता है कि अगले चार महीने तक धर्मेद्र प्रधान और अनुराग ठाकुर लखनऊ में, अर्जुन राम मेघवाल आगरा में, अन्नपूर्णा देवी कानपुर में, कैप्टन अभिमन्यु मेरठ में, विवेक ठाकुर गोरखपुर में अस्थायी मकान लेकर अपना डेरा जमाएंगे।