मैनपुरी में डायरिया से पीड़ित 4 महीने के बच्चे की मौत

उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में डायरिया के मरीजों की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही है। डायरिया से पीड़ित चार माह के मासूम ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं सात अन्य बच्चों को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है। उमसभरी गर्मी में चिकित्सकों ने बच्चों का विशेष ख्याल रखने की सलाह दी है। सीएमओ ने कहा कि बच्चों के खान-पान पर विशेष ध्यान दिया जाए।

मंगलवार को सुबह से ही जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भीड़ रही। यहां 762 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया। 31 मरीज भर्ती कराए गए इनमें सात बच्चे शामिल थे। थाना बिछवां क्षेत्र के गांव संतोषपुर निवासी प्रमोद कुमार के चार माह के पुत्र कार्तिक को पिछले कुछ दिनों से डायरिया की दिक्कत थी।

परिजन उसका दिल्ली के एक अस्पताल में उपचार करा रहे थे। मंगलवार की सुबह परिजन दिल्ली से लौटे तो अचानक कार्तिक की हालत फिर से बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां उपचार के दौरान कार्तिक की मौत हो गई।

सीएमओ डॉ. आरसी गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में उमसभरी गर्मी का प्रकोप जारी है। ऐसे में बच्चों का विशेष ध्यान रखें। बच्चों को अधिक तेल युक्त पदार्थों का सेवन न कराएं। कटे और सड़े फलों का सेवन न कराएं। जरा भी दिक्कत होने पर तुरंत विशेषज्ञ डॉक्टरों से उपचार दिलाएं।