सीतापुर:15 दिनों से जला पड़ा 25 केवीए ट्रांसफार्मर, ग्रामीणों का मिश्रिख पावर हाउस पर प्रदर्शन* *अफरोज अली द दस्तक 24 मिश्रिख सीतापुर

तहसील मिश्रिख के ग्राम टिकरा, पोस्ट अकबरपुर में पिछले 15 दिनों से 25 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर जला होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या का समाधान न होने से नाराज ग्रामीणों ने मिश्रिख पावर हाउस पहुंचकर प्रदर्शन करते हुए बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया।ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर बदलवाने के लिए पिछले 15 दिनों के दौरान दो बार लिखित प्रार्थना पत्र दिया जा चुका है, लेकिन विभाग की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि भीषण गर्मी के बीच बिजली न होने से पूरे गांव का जनजीवन प्रभावित हो गया है। सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को उठानी पड़ रही है।ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने के लिए जब एसडीओ अथवा लाइनमैन को फोन किया जाता है तो कॉल रिसीव नहीं की जाती और पावर हाउस पहुंचने पर भी संबंधित अधिकारी या कर्मचारी नहीं मिलते। ग्रामीणों के अनुसार, जले हुए 25 केवीए ट्रांसफार्मर से लगभग 100 बिजली कनेक्शन जुड़े हैं, जिससे बड़ी संख्या में परिवार प्रभावित हैं।ग्रामीणों ने बिजली विभाग से तत्काल नया ट्रांसफार्मर लगवाकर विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के साथ-साथ बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।प्रदर्शन के दौरान पंकज मौर्य, छत्रपाल मौर्य, जलालुद्दीन, अनीश, संतराम यादव, अंकित त्रिपाठी, मनोज तिवारी, लवकुश, रामरतन मौर्य, प्रमोद मौर्य, सर्वेश मौर्य, निजामुद्दीन, रणवीर सिंह, जयकरण मौर्य, मुकेश कुमार, विनोद कुमार, नासिर अली, संजय सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Comment