मझगवां/आंवला। मझगवां ब्लॉक की ग्राम पंचायत रोहतापुर के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण रामगंगा नदी का जलस्तर बढ़ गया है और नदी उफान पर है।
बताया गया है कि बाजपुर की निचली पुलिया से गंगा नदी का पानी आ रहा है, जिससे रोहतापुर और रौतापुर घाट के लोगों की फसलें डूब गई हैं। नदी का पानी निचले इलाकों और खेतों में घुसने लगा है, जिससे तटवर्ती गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। रोहतापुर घाट का बांध भी कई जगह से कटने लगा है।
कई कच्चे रास्ते पानी में डूब गए हैं, जिससे आवागमन में परेशानी हो रही है। किसानों की फसलों को भी भारी नुकसान की आशंका है। ग्रामीणों ने बताया कि अभी पानी लगातार बढ़ रहा है। आंगनलाल, मनोहर लाल, मुन्नालाल, सोहनलाल, बंटी और लाल सिंह सहित कई किसानों की फसलें नष्ट हो गई हैं।
हालात को देखते हुए प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को अलर्ट जारी किया है। बाजपुर मजरा की ओर से घोषणा कर लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने और नदी के किनारे न जाने की अपील की गई है। प्रशासन ने बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया है और राजस्व टीम को निगरानी के लिए तैनात किया गया है। ग्रामीणों से कहा गया है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन से संपर्क करें।
