केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान का होगा व्यापक आयोजन।
कासगंज, 03 जून 2026। जिलाधिकारी प्रणय सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टर सभागार मे समीक्षा बैठक कर सम्बन्धित अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेश भर में 5 जून से 21 जून 2026 तक व्यापक जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। शासन के निर्देशानुसार इस अवधि में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाया जाएगा।
अभियान की शुरुआत 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण कार्यक्रमों से होगी। इसके बाद 8 से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम, 11 से 14 जून तक मीडिया संवाद, 14 से 16 जून तक जन-कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले, 16 से 17 जून तक विकसित भारत संकल्प सम्मेलन तथा 17 से 20 जून तक विकास प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त 18 एवं 19 जून को प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं आयोजित कर किसानों को आधुनिक एवं प्राकृतिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के दौरान जन-समस्याओं के त्वरित समाधान, पात्र लाभार्थियों के पंजीकरण, योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा जनभागीदारी को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि चौपालों का आयोजन कर स्थानीय समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा शासन के निर्देशों के अनुरूप सभी कार्यक्रमों का प्रभावी एवं सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे आमजन को सरकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त हो सके और अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

