बरेली। अलीगंज थाना पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 15 ग्राम स्मैक के साथ एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपी की पहचान ओमस्वरुप (38) पुत्र बांकेलाल, निवासी कुन्डरियां फैजुल्लापुर, थाना अलीगंज के रूप में हुई है। आरोपी का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड है, जिसमें हत्या सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार 3 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति मादक पदार्थ के साथ मंडोरा रोड पर आने वाला है। सूचना पर उपनिरीक्षक हरिमुख सिंह के नेतृत्व में आरक्षी सत्येन्द्र कुमार और आरक्षी मोन्टी कुमार की टीम ने मंडोरा तिराहे से 50 कदम आगे मंडोरा रोड पर घेराबंदी की। रात करीब 10:10 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 15 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले से थाना मीरगंज में धारा 302/364/201 आईपीसी, धारा 364 आईपीसी और थाना सिरौली में धारा 8/18/22 एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने ताजा मामले में थाना अलीगंज पर धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया है।
