कब संन्यास लेना चाहते हैं डेविड मिलर? दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज ने जताई इच्छा

दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज डेविड मिलर की नजरें 2027 वनडे विश्व कप पर हैं। मिलर चाहते हैं कि अपने घरेलू दर्शकों के सामने विश्व कप का खिताब जीतकर वह अपने लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर का शानदार अंत करें। आईसीसी वनडे विश्व कप 2027 का आयोजन चार अक्तूबर से 21 नवंबर तक दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में किया जाएगा। दक्षिण अफ्रीका ने अब तक वनडे वर्ल्ड कप का खिताब नहीं जीता है। 2023 में टीम सेमीफाइनल तक पहुंची थी, जहां उसे ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

मिलर ने ‘जियोस्टार’ से बातचीत में कहा कि विश्व कप टीम में जगह बनाना उनके लिए एक बड़ा लक्ष्य है। उन्होंने कहा, ‘मैं वास्तव में इसका बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। मेरे लिए यह एक ऐसा लक्ष्य है जिसे मैं हासिल करना चाहता हूं। मैं अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर ट्रॉफी के साथ समापन करना पसंद करूंगा।’ उन्होंने कहा कि विश्व कप टीम में जगह बनाने की कोई गारंटी नहीं है, लेकिन वह अभी से अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर ध्यान दे रहे हैं। मिलर के लिए घरेलू परिस्थितियों में और अपने प्रशंसकों के सामने खेलना भी इस टूर्नामेंट को खास बनाता है।

Leave a Comment