एक्टर आर माधवन ने ‘संघी’ कहे जाने और अपनी फिल्म ‘धुरंधर’ की आलोचना पर प्रतिक्रिया दी है। कुछ दर्शकों ने इस फिल्म को सरकार-समर्थक और प्रोपेगेंडा कहा था। अभिनेता के मुताबिक वह भारत पर गर्व करने या देश को सकारात्मक रूप में दिखाने से पीछे नहीं हटेंगे।
गलाटा प्लस के साथ बातचीत में, जब उनसे ‘संघी’ कहे जाने के बारे में पूछा गया, तो माधवन ने कहा, ‘मैंने कभी किसी पार्टी या उसके नेताओं के खिलाफ कुछ भी शेयर नहीं किया है। अगर किसी ने कुछ अच्छा किया है, तो मैंने उसे बढ़ावा दिया है।’ उन्होंने कहा ‘जब कोई व्यक्ति मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री चुना जाता है, तो मुझे लगता है कि उनका समर्थन करना मेरा फर्ज है। मैं कमेंट पढ़ता हूं, लेकिन इससे मेरे फैसले लेने की क्षमता पर कोई असर नहीं पड़ता। अगर कोई मुझे इस वजह से बुरा महसूस कराता है, तो मैं उनकी नीयत पर सवाल उठाना चाहता हूं।’ माधवन ने ‘धुरंधर’ को लेकर हो रही राजनीतिक आलोचना को भी खारिज कर दिया। उन्होंने कहा ‘फिल्म ‘धुरंधर’ की कहानी पाकिस्तान पर आधारित है। इसमें जो कुछ भी अच्छा या बुरा होता है, उससे भारत पर क्या असर पड़ता है, यह दिखाया गया है। मैं एक एक्टर हूं, मेरा काम असलियत को दिखाना है। मेरी निजी राय यह है कि मैं बस भारत की अच्छी बातों को और बेहतर ढंग से दिखाना चाहता हूं। यह कोई अपराध नहीं हो सकता।’
