Thursday, 19 November 2026 | 11:43 AM
उत्तर प्रदेश

छात्रवृत्ति आवेदन 23 नवंबर तक करें सत्यापित, लापरवाही पर संस्थानों की तय होगी जिम्मेदारी

Share:
छात्रवृत्ति आवेदन 23 नवंबर तक करें सत्यापित, लापरवाही पर संस्थानों की तय होगी जिम्मेदारी

छात्रवृत्ति आवेदन 23 नवंबर तक करें सत्यापित, लापरवाही पर संस्थानों की तय होगी जिम्मेदारी

शिक्षण संस्थानों को सख्त निर्देश, लॉगिन पर एक भी आवेदन लंबित मिलने पर होगी जवाबदेही

कासगंज, 18 नवंबर। छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना का लाभ पाने वाले विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। दशमोत्तर छात्रवृत्ति के नवीन एवं नवीनीकरण आवेदनों को सत्यापित कर अग्रसारित करने के लिए 23 नवंबर अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। ऐसे में शिक्षण संस्थानों को निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी पात्र विद्यार्थियों के आवेदन ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत अग्रसारित करने होंगे। लापरवाही बरतने वाले संस्थानों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

उप निदेशक एवं जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी डॉ. अमृता सिंह ने बताया कि वित्तीय वर्ष एवं शैक्षिक सत्र 2026-27 में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों के लिए संचालित दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना की तृतीय संशोधित समय-सारिणी जारी की गई है। इसके अनुसार शिक्षण संस्थानों द्वारा आवेदन पत्रों को सत्यापित कर अग्रसारित करने की अंतिम तिथि 23 नवंबर निर्धारित है।

उन्होंने बताया कि संस्थानों को नवीन एवं नवीनीकरण आवेदन करने वाले विद्यार्थियों का बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण सुनिश्चित करना होगा। साथ ही विद्यार्थियों के प्राप्तांक, पूर्णांक एवं उपस्थिति का विवरण दर्ज करना अनिवार्य है। जांच के दौरान अपात्र विद्यार्थियों के आवेदन निरस्त किए जाएंगे, जबकि पात्र विद्यार्थियों का डाटा ऑनलाइन सत्यापित कर अग्रसारित किया जाएगा।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने जनपद के सभी शिक्षण संस्थानों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते सभी आवेदनों का निस्तारण सुनिश्चित करें। संस्थान की लॉगिन पर किसी भी विद्यार्थी का आवेदन लंबित नहीं रहना चाहिए। निर्धारित समयसीमा में प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर संबंधित शिक्षण संस्थान की जवाबदेही तय की जाएगी।