Thursday, 01 October 2026 | 4:15 AM
उत्तर प्रदेश

उन्नाव के हसनगंज में भाजपा बूथ अध्यक्ष का शव आम के पेड़ से लटका मिला, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

उन्नाव के हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के चिरियारी गांव में भाजपा बूथ अध्यक्ष अतुल रावत का शव संदिग्ध परिस्थितियों में आम के बाग में पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Share:
उन्नाव के हसनगंज में भाजपा बूथ अध्यक्ष का शव आम के पेड़ से लटका मिला, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
Read in your preferred language.

उन्नाव:(द दस्तक 24 न्यूज) 30 सितंबर 2026 हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के चिरियारी गांव में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब भाजपा के बूथ अध्यक्ष 27 वर्षीय अतुल रावत का शव संदिग्ध परिस्थितियों में आम के बाग में पेड़ से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने हत्या कर शव को पेड़ से लटकाए जाने का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार चिरियारी गांव निवासी लल्लू रावत के पुत्र अतुल रावत का शव गांव से करीब 800 मीटर दूर दुलारे उर्फ छिद्दू के आम के बाग में रस्सी के सहारे पेड़ से लटका मिला। परिजनों के मुताबिक अतुल मंगलवार शाम करीब पांच बजे से लापता था। देर रात उसकी गुमशुदगी की तहरीर थाने में दी गई थी। बुधवार सुबह बाग में उसका शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे।

परिजनों ने घटना को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई। उन्होंने शव को फंदे से उतारने से रोकते हुए फॉरेंसिक टीम बुलाए जाने की मांग की। मृतक के छोटे भाई अनिल कुमार ने भी अपने भाई की मौत को संदिग्ध बताते हुए जांच की मांग की।

बताया जा रहा है कि अतुल मोहान विधानसभा क्षेत्र-164 में भाजपा का बूथ अध्यक्ष था। घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर उसकी बाइक खड़ी मिली, जबकि शव के पास मोबाइल फोन और चप्पलें भी बरामद हुईं। इन परिस्थितियों को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने कई सवाल उठाए हैं।

सूचना मिलने पर हसनगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया। डॉग स्क्वॉड ने शव मिलने वाले स्थान से करीब 200 मीटर के क्षेत्र में जांच की और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।

हसनगंज कोतवाल शरद कुमार के अनुसार युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच आत्महत्या समेत अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर कर रही है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।