कासगंज: जिलाधिकारी अध्यक्ष जिला गंगा समिति, कासगंज के निर्देशन तथा प्रभागीय वनाधिकारी के मार्गदर्शन में “स्वच्छता ही सेवा एवं सेवा संकल्प अभियान-2026” के अंतर्गत आज सोरों जी स्थित घाट एवं पर्यटन केंद्र पर विभिन्न जन-जागरूकता एवं स्वच्छता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ नेता भाजपा श्री नवल कुलश्रेष्ठ जी एवं उच्च शिक्षा अधिकारी श्री सुधीर कुमार रावत जी द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत स्वच्छता रैली, श्रमदान, गंगा स्वच्छता शपथ, हस्ताक्षर अभियान, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन एवं विद्यार्थियों को गंगा संरक्षण, स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ एवं निर्मल गंगा के लिए सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में WWF-India एवं नगर पालिका परिषद, सोरों की महत्वपूर्ण सहभागिता रही। विभिन्न विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए गंगा संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। श्री भागीरथी इंटर कॉलेज, सोरों, एस.जी.एम. जूनियर स्कूल, सोरों, एन.आर. पब्लिक स्कूल तथा शारदा जौहरी नगर पालिका कन्या महाविद्यालय, कासगंज, संत तुलसी दास म्युनिसिपल इंटर कालेज सोरों के विद्यार्थियों द्वारा रैली, प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनसामान्य को स्वच्छता एवं गंगा संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों को गंगा स्वच्छता एवं संरक्षण की शपथ दिलाई गई तथा हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से स्वच्छ एवं निर्मल गंगा के प्रति जन-संकल्प को मजबूत किया गया। श्रमदान कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अन्य प्रतिभागियों ने स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए घाट परिसर को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान जिला परियोजना अधिकारी, जिला गंगा समिति श्री सुजीत कुमार, WWF-India के सीनियर परियोजना अधिकारी श्री हिमांशु शर्मा सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं अन्य संबंधित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।