Tuesday, 15 September 2026 | 5:56 AM
भारत

WTC Final: साउथैंप्टन में टीम इंडिया के उतरते ही टूटेगी परंपरा, 89 साल में पहले कभी नहीं हुआ ऐसा

टेस्ट खेलने वाली 12 टीमों में से सिर्फ भारत और बांग्लादेश ने अभी तक तटस्थ स्थल (Neutral Venue) पर कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है, लेकिन भारत अगले महीने जब न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का फाइनल खेलने के लिए रोज बाउल में उतरेगा तो यह लगभग 89 वर्ष के उसके टेस्ट इतिहास का तटस्थ स्थल पर प
Share:
WTC Final: साउथैंप्टन में टीम इंडिया के उतरते ही टूटेगी परंपरा, 89 साल में पहले कभी नहीं हुआ ऐसा
Read in your preferred language.

टेस्ट खेलने वाली 12 टीमों में से सिर्फ भारत और बांग्लादेश ने अभी तक तटस्थ स्थल (Neutral Venue) पर कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है, लेकिन भारत अगले महीने जब न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का फाइनल खेलने के लिए रोज बाउल में उतरेगा तो यह लगभग 89 वर्ष के उसके टेस्ट इतिहास का तटस्थ स्थल पर पहला टेस्ट मैच होगा। भारत और न्यूजीलैंड के बीच 18 जून से इंग्लैंड के साउथैंप्टन में डब्ल्यूटीसी का फाइनल खेला जाएगा, जो दोनों देशों के लिए तटस्थ स्थल है।

पाकिस्तान में सुरक्षा खतरे को देखते हुए एक दशक से भी अधिक समय तक विदेशी टीमों ने वहां का दौरा नहीं किया। पाकिस्तान ने इस बीच अपने घरेलू मैचों का आयोजन यूएई और श्रीलंका में किया। इस तरह पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट खेलने वाली अधिकतर टीमों को तटस्थ स्थल पर खेलने का मौका मिला। इनमें न्यूजीलैंड भी शामिल है, जिसने 2014 से लेकर 2018 तक तटस्थ स्थलों पर छह मैच खेले हैं, जिनमें से उसे तीन में जीत और दो में हार मिली। वहीं, भारत और पाकिस्तान के बीच 2007 के बाद कोई टेस्ट मैच नहीं खेला गया है।

भारत के पास 1999 में तटस्थ स्थल पर टेस्ट मैच खेलने का मौका था, लेकिन तब भारतीय टीम एशियाई टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में नहीं पहुंच पाई थी, जो कि ढाका में खेला गया था। पाकिस्तान और श्रीलंका उस चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचे थे और तब उन्होंने पहली बार तटस्थ स्थल पर टेस्ट मैच खेला था।

वैसे तटस्थ स्थल पर पहला टेस्ट मैच करीब 109 साल पहले ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच 27-28 मई 1912 को मैनचेस्टर में खेला गया था। यह मैच त्रिकोणीय टेस्ट सीरीज का हिस्सा था, जिसमें तीसरी टीम मेजबान इंग्लैंड की थी। ऑस्ट्रेलिया ने यह मैच दो दिन में पारी और 88 रन से जीता था। इसके बाद 1999 में ही कोई मैच तटस्थ स्थल पर खेला गया।

पाकिस्तान ने पिछले 20 वर्षो में अपने अधिकतर घरेलू मैच यूएई में खेले हैं। यही कारण है कि तटस्थ स्थल पर सर्वाधिक टेस्ट खेलने का रिकॉर्ड उसी के नाम पर दर्ज है। पाकिस्तान ने अब तक 39 टेस्ट तटस्थ स्थल पर खेले हैं। इनमें उसे 19 में जीत और 12 में हार मिली है। बाकी आठ मैच ड्रॉ रहे।

ऑस्ट्रेलिया ने भी 12 मैच तटस्थ स्थलों पर खेले हैं

ऑस्ट्रेलिया ने भी 12 मैच तटस्थ स्थलों पर खेले हैं। उसके बाद श्रीलंका (9), दक्षिण अफ्रीका (7) और न्यूजीलैंड (6), वेस्टइंडीज (6) व इंग्लैंड (6) का नंबर आता है। अफगानिस्तान ने भी अपने चार टेस्ट तटस्थ स्थलों (भारत और यूएई) में खेले हैं। जिंबाब्वे ने अफगानिस्तान के खिलाफ अपने दोनों टेस्ट अबूधाबी में खेले थे। आयरलैंड ने अफगानिस्तान के खिलाफ अपना एक टेस्ट देहरादून में खेला है।