Tuesday, 15 September 2026 | 2:29 AM
भारत

पाकिस्तान क्रिकेट की सफलता का क्या है राज, PCB चीफ रमीज राजा ने बताया

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष रमीज राजा ने कहा है कि कप्तान बाबर आजम को मजबूत बनाने और बेफिक्र रवैया अपनाने से पाकिस्तान क्रिकेट टीम को पिछले दो महीनों में संयुक्त अरब अमीरात और बांग्लादेश में सफलता हासिल करने में मदद मिली। पाकिस्तान ने पिछले नौ टी20 इंटरनेशनल में से आठ में जीत दर्ज की
Share:
पाकिस्तान क्रिकेट की सफलता का क्या है राज, PCB चीफ रमीज राजा ने बताया
Read in your preferred language.

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष रमीज राजा ने कहा है कि कप्तान बाबर आजम को मजबूत बनाने और बेफिक्र रवैया अपनाने से पाकिस्तान क्रिकेट टीम को पिछले दो महीनों में संयुक्त अरब अमीरात और बांग्लादेश में सफलता हासिल करने में मदद मिली। पाकिस्तान ने पिछले नौ टी20 इंटरनेशनल में से आठ में जीत दर्ज की जिनमें आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप चरण के सभी मैचों में जीत शामिल है। इसके अलावा उसने बांग्लादेश में दोनों टेस्ट मैच जीते हैं।
राजा ने पीसीबी डिजीटल से कहा, 'मैं इस बात पर जोर देना चाहता हूं कि लीडरशिप मायने रखता है। जब आप नेतृत्वकर्ता को सशक्त बनाते हैं और उसे आत्मविश्वास देते हैं तो वह निर्णय, टीम, प्रदर्शन से लेकर खराब खेल की जिम्मेदारी लेता है। वह साहसी बन जाता है। मैंने बाबर आजम और टीम से कहा कि वे परिणाम को लेकर चिंता न करें, विशेषकर भारत के खिलाफ मैच से पहले। जैसे मैंने कहा था कि मैं पाकिस्तान क्रिकेट का जीपीएस ठीक करना चाहता हूं। इसका मतलब था कप्तान को सशक्त बनाना और बेफिक्र क्रिकेट खेलना। इसी का नतीजा है कि आप टीम के दृष्टिकोण में सकारात्मक बदलाव देख रहे हैं।'
पाकिस्तान को पिछले नौ टी20 इंटरनेशनल मैच में एकमात्र हार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 विश्व कप 2021 के सेमीफाइनल में मिली थी। पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश दौरे पर दोनों टेस्ट मैच जीतकर आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में 24 महत्वपूर्ण अंक हासिल किए हैं।