Friday, 09 October 2026 | 3:49 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद:सेवा संकल्प अभियान के तहत श्रमिक कल्याण योजनाओं के प्रचार-प्रसार वाहन को डीएम ने दिखाई हरी झंडी

फर्रुखाबाद में सेवा संकल्प अभियान के तहत निर्माण श्रमिकों के पंजीयन एवं नवीनीकरण तथा श्रम विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रचार-प्रसार वाहन रवाना किया गया। जिलाधिकारी ने वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी एवं श्रम विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
Share:
फर्रुखाबाद:सेवा संकल्प अभियान के तहत श्रमिक कल्याण योजनाओं के प्रचार-प्रसार वाहन को डीएम ने दिखाई हरी झंडी
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 08 अक्टूबर 2026 सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुरुवार, 08 अक्टूबर 2026 को निर्माण श्रमिकों एवं असंगठित क्षेत्र के कर्मकारों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी महोदया फर्रुखाबाद द्वारा उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार बोर्ड के अंतर्गत निर्माण श्रमिकों के पंजीयन एवं नवीनीकरण तथा संचालित योजनाओं के अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार के लिए वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

अभियान के माध्यम से निर्माण श्रमिकों को मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना, सन्त रविदास शिक्षा प्रोत्साहन सहायता योजना, अटल आवासीय विद्यालय योजना, कन्या विवाह सहायता योजना तथा निर्माण कामगार मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना के तहत पुत्र के जन्म पर 20 हजार रुपये तथा पुत्री के जन्म पर 25 हजार रुपये की सहायता का प्रावधान है। वहीं सन्त रविदास शिक्षा प्रोत्साहन सहायता योजना के तहत कक्षा 01 से 05 तक 2,000 रुपये, कक्षा 06 से 10 तक 2,500 रुपये, कक्षा 11 से 12 तक 3,000 रुपये तथा स्नातक या समकक्ष शिक्षा के लिए 12,000 रुपये की एकमुश्त सहायता प्रदान की जाती है।

अटल आवासीय विद्यालय योजना के अंतर्गत कक्षा 06 एवं 09 में प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले पात्र बच्चों को शिक्षा, वस्त्र, भोजन आदि की सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। कन्या विवाह सहायता योजना के तहत निर्माण श्रमिक की पुत्री के विवाह के उपरांत 65,000 रुपये की आर्थिक सहायता का प्रावधान है।

इसी प्रकार निर्माण कामगार मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना के तहत दुर्घटना के कारण निर्माण श्रमिक की मृत्यु होने पर आश्रित को 5.25 लाख रुपये तथा सामान्य मृत्यु होने पर 2.25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने का प्रावधान है।

अभियान के दौरान असंगठित कर्मकारों को प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना तथा लघु व्यापारियों को एनपीएस ट्रेडर्स के अंतर्गत पंजीयन कराने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है। इन योजनाओं के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को 60 वर्ष की अधिवर्षता आयु पूर्ण होने के बाद 3,000 रुपये प्रतिमाह पेंशन का लाभ प्राप्त हो सकता है।

इसके साथ ही सेवायोजकों से बाल एवं किशोर श्रमिकों से अपने प्रतिष्ठान अथवा आवास पर कार्य न कराने की अपील करते हुए बाल श्रम उन्मूलन के संबंध में भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी फर्रुखाबाद सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सहायक श्रम आयुक्त नम्रता सिंह ने बताया कि अभियान का उद्देश्य पात्र श्रमिकों और असंगठित कर्मकारों को योजनाओं की जानकारी देकर उनका पंजीयन कराने तथा अधिक से अधिक लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना है।