कासगंज।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, जनपद कासगंज ने शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास कुमार सिंह को पत्र सौंपा है। संघ ने पत्र के माध्यम से चयन वेतनमान, लंबित शिक्षकों की बहाली, विद्यालयों में सफाई व्यवस्था तथा 12460 शिक्षक भर्ती के शिक्षकों के एरियर भुगतान सहित चार प्रमुख समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग की।
संघ ने मांग की कि वर्ष 2025, जनवरी व मार्च 2026 में 10 वर्ष की संतोषजनक सेवा पूरी कर चयन वेतनमान के पात्र शिक्षकों को सितंबर के वेतन में इसका लाभ दिया जाए। छह माह से अधिक समय से निलंबित शिक्षकों को तत्काल बहाल करने की भी मांग की गई। इसके अलावा परिषदीय विद्यालयों में सफाई व्यवस्था के लिए सप्ताह में कम से कम दो दिन सफाई कर्मचारी उपलब्ध कराने तथा 12460 शिक्षक भर्ती के लंबे समय से लंबित एरियर भुगतान के लिए सत्यापन प्रक्रिया पूरी कराने का आग्रह किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष दिलीप यादव, महामंत्री मुनेश राजपूत, उपाध्यक्ष अंकित पुंढीर, गजेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।