रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के आयोजन के दृष्टिगत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता ने नगरीय स्वास्थ्य केंद्र निर्मल नगर और नौरंगाबाद का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखी और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
सीएमओ डॉ. गुप्ता ने निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों के पंजीकरण व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने उपस्थित डॉक्टरों व स्टॉफ को निर्देश दिया कि मेले में आने वाले किसी भी मरीज को कोई असुविधा न हो और सभी को बेहतर इलाज मिले।
मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का उद्देश्य हर जरूरतमंद तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। इस मेले में मरीजों को निःशुल्क ओपीडी, मुफ्त दवाएं, मातृ-शिशु स्वास्थ्य देखभाल, टीकाकरण और परिवार नियोजन परामर्श जैसी कई महत्वपूर्ण सेवाएं दी जाती हैं। इसके साथ ही मेले में गोल्डन कार्ड (आयुष्मान कार्ड) बनाने, और टीबी, मलेरिया व अन्य मौसमी बीमारियों की निःशुल्क जांच एवं उपचार की सुविधा भी एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जाती है।