23 नवंबर को कासगंज में 217 जोड़ों के विवाह की बजेगी शहनाई, प्रशासन ने दी स्वीकृति
**मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत कासगंज और सहावर में होंगे आयोजन, कन्या के खाते में भेजे जाएंगे 64 हजार रुपये
कासगंज, 18 नवंबर।मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जनपद कासगंज में 23 नवंबर को 217 जोड़े एक-दूसरे के साथ सात फेरे लेकर वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत करेंगे। शासन ने प्रथम आवर्त के प्रथम चरण में सामूहिक विवाह आयोजन के लिए स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसके तहत विकासखंड परिसर कासगंज में 107 और विकासखंड परिसर सहावर में 110 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया जाएगा।
जिला समाज कल्याण अधिकारी गीता सिंह ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद को कुल 573 जोड़ों के सामूहिक विवाह कराने का लक्ष्य मिला है। इसी क्रम में पहले चरण में 217 जोड़ों के विवाह की अनुमति दी गई है। आयोजन को लेकर संबंधित स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक परिवार की वार्षिक आय तीन लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। विवाह के समय कन्या की आयु कम से कम 18 वर्ष और वर की आयु 21 वर्ष पूर्ण होना अनिवार्य है। आयु प्रमाण के लिए विद्यालय के शैक्षिक अभिलेख, जन्म प्रमाणपत्र, मतदाता पहचान पत्र, मनरेगा जॉब कार्ड अथवा आधार कार्ड मान्य होंगे। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के आवेदकों को जाति प्रमाणपत्र भी देना होगा।
कन्या के खाते में पहुंचेंगे 64 हजार रुपये
योजना के तहत कन्या के दांपत्य जीवन और गृहस्थी की स्थापना के लिए 64 हजार रुपये की सहायता राशि सीधे कन्या के बैंक खाते में हस्तांतरित की जाएगी। इसके अलावा नवविवाहित जोड़ों को 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री प्रदान की जाएगी। वहीं, आयोजन में भोजन, पेयजल, बिजली, प्रकाश और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर 15 हजार रुपये व्यय किए जाएंगे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि इच्छुक पात्र परिवार योजना के आधिकारिक पोर्टल https://cmsvy.upsdc.gov.in/reg/index.php पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। शहरी क्षेत्र के आवेदक संबंधित नगर पालिका या नगर पंचायत तथा ग्रामीण क्षेत्र के आवेदक अपने विकासखंड कार्यालय से संपर्क कर योजना की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
**23 नवंबर को होने वाला यह आयोजन आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।**