पुलिस एवं फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर शुरू की प्रारंभिक जांच
नवादा से द दस्तक 24 प्रतिनिधि द्वारा
कौआकोल(नवादा)। थाना क्षेत्र के दरावां पंचायत अंतर्गत बरौन बाजितपुर स्थित राजकीय बुनियादी विद्यालय में अज्ञात चोरों ने शुक्रवार की रात चोरी की घटना को अंजाम देकर विद्यालय के कई कीमती सामान पर हाथ साफ कर लिया। शनिवार की सुबह में जब विद्यालय का ताला को ग्रामीणों ने देखा तो इसकी सूचना विद्यालय के प्रधानाध्यापक को दिया। घटना के बाद विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने कौआकोल पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कौआकोल पुलिस एवं फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अज्ञात चोरों ने विद्यालय में रखे शैक्षणिक, खेलकूद एवं संगीत से संबंधित कई सामानों की चोरी कर ली। चोरी गए सामानों में एक फोटो कॉपी मशीन, दो फुटबॉल, दो बैटरी, एक लैपटॉप, एक कीबोर्ड, दो टैब, एक एम्प्लीफायर, एक माइक, तीन साउंड बॉक्स, एक हारमोनियम, एक तबला, एक सोलर प्लेट तथा दो क्रिकेट किट सेट समेत अन्य सामान शामिल हैं। बताया जाता है कि गांव के बगल में ही एक झाड़ी के पास फोटो कॉपी मशीन एवं दो फुटबॉल फेंका हुआ पाया गया है। विद्यालय में रखे उपयोगी सामानों की चोरी से शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन की चिंता बढ़ गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद कौआकोल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया में जुट गई है। स्थानीय पुलिस चोरी की घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अनील कुमार सिंह ने बताया कि सूचना के बाद घटना की सनहा दर्ज कर लिया गया है। वहीं एक अन्य घटनाक्रम में बरौन गांव स्थित देवी भगवती मंदिर में नवरात्र को लेकर लाकर रखे गए समानों को भी असमाजिक तत्वों द्वारा चोरी कर बाहर झाड़ी की तरफ बर्बाद कर फेंक दिया गया है।