फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत संचालित स्वगणना अभियान में जिला पंचायत प्रशासक श्रीमती मोनिका यादव ने बुधवार को स्वयं अपनी स्वगणना की। इस अवसर पर उन्होंने जनगणना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जनपद के समस्त नागरिकों से इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने की अपील की।
श्रीमती मोनिका यादव ने कहा कि जनगणना देश के विकास एवं भविष्य की योजनाओं के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़ों का उपयोग केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के उचित वितरण तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सड़क, पेयजल सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं के विकास की कार्ययोजना तैयार करने में किया जाता है।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि भारत की जनगणना-2027 के इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में प्रत्येक नागरिक अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करे तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार स्वयं स्वगणना पूर्ण करें। स्वगणना के दौरान सभी सूचनाएं सही एवं पूर्ण रूप से दर्ज कराएं, जिससे जनगणना के आंकड़े विश्वसनीय एवं उपयोगी बन सकें।
उन्होंने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना नहीं, बल्कि राष्ट्र के विकास की दिशा निर्धारित करने वाला महत्वपूर्ण कार्य है। इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता राष्ट्र निर्माण में योगदान के समान है।
उन्होंने जनपदवासियों से आह्वान किया कि सभी लोग मिलकर भारत की जनगणना-2027 के इस महाअभियान का हिस्सा बनें और सटीक आंकड़ों के माध्यम से विकसित भारत एवं समृद्ध राष्ट्र के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।