Thursday, 19 November 2026 | 12:37 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद में खाद की दुकानों पर छापेमारी, 42 प्रतिष्ठानों की जांच; तीन विक्रेताओं को नोटिस

फर्रुखाबाद में किसानों को उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने 42 खाद विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों की जांच की। जांच में तीन प्रतिष्ठानों पर अनियमितताएं मिलने पर कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। प्रशासन ने दावा किया कि जनपद में यूरिया, डीएपी सहित पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध हैं और वितरण पर लगातार निगरानी की जा रही है।
Share:
फर्रुखाबाद में खाद की दुकानों पर छापेमारी, 42 प्रतिष्ठानों की जांच; तीन विक्रेताओं को नोटिस
फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने, खाद की बिक्री में पारदर्शिता बनाए रखने तथा कालाबाजारी और अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर जांच अभियान चलाया। मंगलवार को जनपद में गठित विकासखंडवार टीमों ने कुल 42 उर्वरक बिक्री प्रतिष्ठानों की जांच की। जांच के दौरान तीन प्रतिष्ठानों पर अनियमितताएं मिलने पर कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी के आदेशानुसार विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीमों ने अपने आवंटित क्षेत्रों में उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मेसर्स पाण्डेय फर्टिलाइजर, सलेमपुर में रेट बोर्ड एवं स्टॉक बोर्ड अद्यतन नहीं पाया गया। वहीं, मेसर्स श्री बालाजी खाद भंडार, सलेमपुर में अभिलेख अपूर्ण मिले तथा मेसर्स कुशवाहा बीज भंडार, सलेमपुर प्रतिष्ठान बंद कर फरार पाया गया। इन तीनों प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
717500
अधिकारियों की टीम ने 42 प्रतिष्ठानों की जांच की
उर्वरक दुकानों की जांच के लिए विकासखंडवार टीमों में उप कृषि निदेशक, जिला प्रोबेशन अधिकारी, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता, जिला उद्यान अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी तथा कृषि विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारियों को शामिल किया गया।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि किसानों को खाद वितरण में किसी प्रकार की अनियमितता न हो, इसके लिए वरिष्ठ अधिकारियों एवं क्षेत्रीय कर्मचारियों द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।
जनपद में उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध
प्रशासन के अनुसार 17 नवंबर 2026 को जनपद में विभिन्न उर्वरकों की उपलब्धता इस प्रकार रही—
यूरिया : 29,641 मीट्रिक टन
डीएपी : 9,363 मीट्रिक टन
पोटास : 6,799 मीट्रिक टन
एनपीके : 19,951 मीट्रिक टन
सिंगल सुपर फास्फेट (एसएसपी) : 11,151 मीट्रिक टन
किसानों को उनकी मांग एवं खतौनी के आधार पर सहकारी और निजी बिक्री केंद्रों से उर्वरकों का वितरण किया जा रहा है। प्रशासन ने किसानों से खाद खरीदने के लिए खतौनी एवं आधार कार्ड साथ लेकर जाने की अपील की है, ताकि उनकी भूमि के अनुपात में निर्धारित उर्वरक उपलब्ध कराया जा सके।
717499
डीएपी और एनपीके की नई खेप पहुंची
आरसीएफ कंपनी की रैक से जनपद को 350 मीट्रिक टन डीएपी तथा 150 मीट्रिक टन एनपीके प्राप्त हुआ है। इस खाद को सीधे बिक्री केंद्रों पर भेजा जा रहा है, जिससे किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराया जा सके।
इसके अलावा आगामी दो दिनों में पीपीएल एवं एचयूआरएल कंपनियों की यूरिया, डीएपी और टीएसपी की रैक प्राप्त होने की संभावना है। प्रशासन का कहना है कि जनपद में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।
अधिक कीमत या टैगिंग पर करें शिकायत
प्रशासन ने किसानों को बताया कि खतौनी के आधार पर प्रति हेक्टेयर निर्धारित मात्रा के अनुसार अधिकतम 5 बोरी डीएपी एवं 7 बोरी यूरिया प्राप्त करने में समस्या होने, खाद की टैगिंग करने अथवा निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बिक्री किए जाने की स्थिति में शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
इसके लिए कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम नंबर 05692-297733 पर कार्यालय अवधि में संपर्क कर समस्या बताई जा सकती है। शिकायत का तत्काल समाधान कराने के साथ संबंधित विक्रेता के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश-1985 के सुसंगत प्रावधानों के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा जिला कृषि अधिकारी एवं उर्वरक से जुड़े अधिकारियों के साथ प्रतिदिन आपूर्ति, वितरण और उपलब्धता की समीक्षा की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हित में उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी एवं जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।