Wednesday, 07 October 2026 | 3:42 AM
उत्तर प्रदेश

प्रदेश स्तर पर कासगंज के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन, चार पहलवानों ने जीते पदक

कुश्ती में सचिन व सनी यादव ने रजत, हतेन्द्र व पंकज यादव ने कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया जिले का मान — कबड्डी और बास्केटबाल में भी 15 खिलाड़ियों का मंडलीय ट्रायल के लिए चयन
Share:
प्रदेश स्तर पर कासगंज के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन, चार पहलवानों ने जीते पदक
प्रदेश स्तर पर कासगंज के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन, चार पहलवानों ने जीते पदक
Read in your preferred language.


कुश्ती में सचिन व सनी यादव ने रजत, हतेन्द्र व पंकज यादव ने कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया जिले का मान — कबड्डी और बास्केटबाल में भी 15 खिलाड़ियों का मंडलीय ट्रायल के लिए चयन

कासगंज। जिले के खिलाड़ियों ने प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए कासगंज का नाम रोशन किया है। सैफई में आयोजित प्रदेश स्तरीय जूनियर बालक कुश्ती प्रतियोगिता में जिले के चार पहलवानों ने पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं जूनियर बालिका कबड्डी और सब जूनियर बालिका बास्केटबाल के जिला स्तरीय चयन-ट्रायल में 15 खिलाड़ियों का चयन मंडलीय ट्रायल के लिए हुआ है।

खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर 03 से 05 अक्टूबर तक सैफई, इटावा में आयोजित प्रदेश स्तरीय जूनियर बालक कुश्ती प्रतियोगिता में कासगंज के पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन किया। ग्रीको-रोमन स्टाइल के 67 किलोग्राम भार वर्ग में सचिन ने रजत पदक, 87 किलोग्राम में सनी यादव ने रजत पदक तथा 60 किलोग्राम भार वर्ग में हतेन्द्र ने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं फ्री-स्टाइल के 92 किलोग्राम भार वर्ग में पंकज यादव ने कांस्य पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया।

पदक विजेता खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के महासचिव सुरेश चन्द्र उपाध्याय ने पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उपक्रीड़ाधिकारी हरफूल सिंह ने पदक विजेता खिलाड़ियों और अंशकालिक कुश्ती प्रशिक्षक ब्रजेश कुमार यादव को बधाई देते हुए खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास कर राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

15 खिलाड़ियों का मंडलीय ट्रायल के लिए चयन

उधर, जिला खेल कार्यालय कासगंज की ओर से 05 अक्टूबर को स्पोर्ट्स स्टेडियम, सोरों में जूनियर बालिका कबड्डी और सब जूनियर बालिका बास्केटबाल के जिला स्तरीय चयन/ट्रायल आयोजित किए गए।

जूनियर बालिका कबड्डी में लक्ष्मी, संगम, नीतेश, अनीषा कुमार, शिवनी कुमारी, कोमल, शीलू, गुड़िया, सोनम और प्रिया का चयन हुआ। वहीं सब जूनियर बालिका बास्केटबाल में हर्षिता, सृष्टि, सलौनी, अंशी और शालनी ने मंडलीय चयन-ट्रायल के लिए जगह बनाई।

चयनित खिलाड़ी 07 अक्टूबर को सुबह 11 बजे महारानी अहिल्याबाई होल्कर स्पोर्ट्स स्टेडियम, अलीगढ़ में होने वाले मंडलीय चयन/ट्रायल में प्रतिभाग करेंगे। इसके बाद चयनित खिलाड़ी क्रमशः मुरादाबाद में 15 से 17 अक्टूबर तक होने वाली प्रदेश स्तरीय जूनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता और कानपुर देहात में 08 से 11 अक्टूबर तक आयोजित प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालिका बास्केटबाल प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करने की दौड़ में शामिल होंगे।