छत पर करकट का छप्पर उजाड़कर घर में घुसे बदमाश, किराएदार के लौटने पर छत से कूदकर भागे
द दस्तक 24 , शेरघाटी (गया) : शेरघाटी थाना क्षेत्र के शहरी इलाके की कृष्णापुरी कॉलोनी में मंगलवार की रात अज्ञात बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाकर नकदी और जेवरात समेत करीब 50 हजार रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। बदमाश छत पर सीढ़ी के पास लगे करकट के छप्पर को उजाड़कर घर में घुसे थे। घटना के दौरान घर में मौजूद किराएदार के पहुंचने पर बदमाश छत से कूदकर फरार हो गए।
पीड़िता एएनएम बिन्नी कुमारी ने बताया कि मंगलवार की शाम वह ड्यूटी पर गई थीं। रात करीब 9:30 बजे घर लौटने पर उन्हें अंदर से खटपट की आवाज सुनाई दी। उन्होंने आवाज लगाकर पूछा कि अंदर कौन है, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। लोगों के पहुंचने तक बदमाश छत से कूदकर भाग चुके थे।
बिन्नी कुमारी के अनुसार, उक्त मकान में तीन किराएदार रहते हैं। दशहरा पर्व के कारण दो किराएदार अपने घर गए हुए थे, जबकि वह ड्यूटी पर थीं। इसी का फायदा उठाकर बदमाशों ने घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया।
शेरघाटी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि पीड़िता के अनुसार, घर से 12 हजार रुपये नकद, सोने की एक कान की बाली और एक जोड़ी पायल चोरी हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पीड़िता से पूछताछ की। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।