
फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) विधान परिषद आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार, 21 अक्टूबर 2026 को रॉयल जे.जे.आर. पैलेस, फतेहगढ़ में अनिवार्य ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने की।
बैठक में माइक्रो आब्जर्वर, पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी सहित निर्वाचन कार्य में लगे प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को उनके दायित्वों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए। जनपद में कुल 11 मतदान केंद्र एवं 30 बूथ बनाए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर 11 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, जो सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ-साथ स्टेटिक मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी भी निभाएंगे। निर्वाचन कार्य के लिए कुल 120 मतदान कार्मिकों की तैनाती की गई है।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की भूमिका महत्वपूर्ण है। सभी कार्मिक पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। पोलिंग पार्टियों की रवानगी, मतदान केंद्र पर समय से पहुंचने, मतदान प्रारंभ कराने तथा मतपत्र पेटिका को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार व्यवस्थित करने सहित सभी कार्य समयबद्ध तरीके से किए जाएं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र मतदाता मतदान से वंचित न रहे तथा किसी कार्मिक की लापरवाही या प्रक्रिया संबंधी त्रुटि के कारण मतपत्र अथवा मत की वैधता प्रभावित न हो। माइक्रो आब्जर्वर एवं पीठासीन अधिकारी मतदान प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखें और किसी भी समस्या अथवा असामान्य स्थिति की सूचना तत्काल सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं वरिष्ठ अधिकारियों को दें।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने निर्वाचन ड्यूटी में लगे पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी आपस में मोबाइल नंबर साझा करें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल संपर्क और समन्वय स्थापित किया जा सके।
उन्होंने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, आदर्श आचार संहिता के अनुपालन तथा मतपत्र पेटिकाओं की सुरक्षा पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी निष्पक्षता बनाए रखते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ड्यूटी करें और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित रखें।
मुख्य विकास अधिकारी श्री विनोद कुमार गौड़ ने बताया कि पीठासीन अधिकारियों एवं माइक्रो आब्जर्वर का प्रशिक्षण पूर्ण कराया जा चुका है। उन्होंने निर्देशित किया कि 23 अक्टूबर 2026 को सभी 11 मतदान केंद्रों पर प्रातः 08:00 बजे से पूर्व पोलिंग एजेंटों की उपस्थिति में मतपत्र पेटिका को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार व्यवस्थित कर लिया जाए। इस प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।
उन्होंने मतदान केंद्रों पर निर्वाचन सामग्री, मतपत्र पेटिका एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की जांच समय से पूरी करने तथा निर्धारित प्रपत्रों एवं अभिलेखों का सही ढंग से संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्वाचन की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूर्ण अनुपालन करने तथा प्रशासन एवं पुलिस के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित रखने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी अम्बरीष बाजपेई, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, समस्त उप जिलाधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट, माइक्रो आब्जर्वर, पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।