Sunday, 25 October 2026 | 1:46 PM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद में मतदेय स्थलों के सम्भाजन पर बैठक, 1,605 बूथों का प्रस्ताव

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में मतदेय स्थलों के सम्भाजन को लेकर बैठक हुई। जनपद में वर्तमान 1,642 मतदेय स्थलों के सापेक्ष 1,605 मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं।
Share:
फर्रुखाबाद में मतदेय स्थलों के सम्भाजन पर बैठक, 1,605 बूथों का प्रस्ताव

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) वर्ष 2027 में प्रस्तावित विधानसभा निर्वाचन को लेकर जनपद में मतदेय स्थलों के सम्भाजन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। शनिवार, 24 अक्टूबर 2026 को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में मतदेय स्थलों के सम्भाजन के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में भोजपुर विधायक नागेन्द्र सिंह राठौर, अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य सहित जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप वर्तमान मतदेय स्थलों की स्थिति, मतदाताओं की संख्या, भौतिक सत्यापन, नए मतदेय स्थलों के निर्धारण तथा आलेख्य सूची पर प्राप्त आपत्तियों एवं सुझावों के निस्तारण की विस्तृत समीक्षा की गई।

अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन, पुनर्निर्धारण, नए मतदेय स्थलों के प्रस्ताव और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श की प्रक्रिया पूरी की जानी है।

विधानसभा क्षेत्रवार प्रस्तावित मतदेय स्थल

जनपद के चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में वर्तमान में कुल 1,642 मतदेय स्थल हैं। सम्भाजन के बाद कुल 1,605 मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं।

192 कायमगंज (अजा): वर्तमान 470, प्रस्तावित 470 मतदेय स्थल।

193 अमृतपुर: वर्तमान 379, प्रस्तावित 372 मतदेय स्थल।

194 फर्रुखाबाद: वर्तमान 413, प्रस्तावित 390 मतदेय स्थल।

195 भोजपुर: वर्तमान 380, प्रस्तावित 373 मतदेय स्थल।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मतदेय स्थल का भौतिक सत्यापन करते हुए भवन की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं, मतदाताओं की संख्या और आवागमन की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि मतदाताओं को मतदान के लिए अनावश्यक दूरी तय न करनी पड़े।

उन्होंने कहा कि परिवार के सदस्यों के मतदेय स्थल अलग-अलग न हों और यथासंभव परिवार के सभी सदस्यों को एक ही स्थान पर मतदान की सुविधा मिले। साथ ही, जर्जर एवं अत्यधिक पुराने भवनों में संचालित मतदेय स्थलों को उसी मतदान क्षेत्र के भीतर उपलब्ध उपयुक्त स्थायी भवनों में स्थानांतरित करने की कार्रवाई की जाए।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि जहां सुरक्षित भवन उपलब्ध हैं और मतदाताओं को दो किलोमीटर से अधिक दूरी तय नहीं करनी पड़ती, वहां अनावश्यक बदलाव न किया जाए। विशेष परिस्थितियों में 300 से कम मतदाताओं वाले मतदेय स्थल को बनाए रखने की आवश्यकता होने पर उसका स्पष्ट एवं तर्कसंगत कारण दर्ज किया जाए।

जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से प्राप्त आपत्तियों एवं सुझावों का नियमानुसार गंभीरता से परीक्षण कर निस्तारण करने के निर्देश दिए। आवश्यकता होने पर स्थलीय सत्यापन कराकर प्रस्तावों में संशोधन करने को कहा गया।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में विधानसभा निर्वाचन प्रस्तावित है, इसलिए मतदेय स्थलों के निर्धारण में विशेष सावधानी बरती जाए, ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार के बदलाव की आवश्यकता न पड़े। विधानसभा क्षेत्रवार मतदेय स्थलों को रनिंग सीरियल नंबर देने तथा आलेख्य एवं अंतिम सूची को जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर नियमानुसार अपलोड करने के भी निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में समयबद्धता, पारदर्शिता और शुद्धता बनाए रखना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है तथा मतदाताओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

बैठक में फर्रुखाबाद सदर विधायक सुनील दत्त द्विवेदी, कायमगंज विधायक प्रतिनिधि डॉ. अजीत, सपा जिलाध्यक्ष सुभाष चंद्र शाक्य, आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष अचल प्रताप, बीएसपी प्रभारी रामरतन गौतम, भाजपा जिला संयोजक चुनाव प्रबंधन मुकेश गुप्ता, अपना दल एस विधानसभा अध्यक्ष सदर आयुष गुप्ता, सीपीएम जिला मंत्री सुनील कुमार कटियार, आम आदमी पार्टी जिला सचिव अंकुश सिंह सहित एसडीएम सदर संजय कुमार, एसडीएम अमृतपुर श्वेता साहू, एसडीएम कायमगंज अभिषेक वर्मा, एसडीएम न्यायिक सदर दीपक माथुर, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव बिसारिया एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।