फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 28 सितंबर 2026 आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश एवं जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन की रोकथाम के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 28 सितंबर 2026 को जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के नेतृत्व में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 सुधांशु चौधरी ने स्टाफ के साथ कायमगंज क्षेत्र के संदिग्ध ग्राम ममापुर में कई स्थानों पर दबिश दी।
दबिश के दौरान टीम ने 5 लीटर अवैध कच्ची शराब तथा 60 किलोग्राम लहन बरामद किया। बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। मामले में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत एक अभियोग पंजीकृत किया गया।
इसके साथ ही आबकारी विभाग की टीम ने देशी शराब दुकान खुम्मरपुर, बघौना, नवाबगंज तथा कंपोजिट शॉप बघौना और नवाबगंज का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, POS मशीन से बिक्री तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की गई। देशी शराब दुकानों की कैंटीन की भी सघन जांच की गई।
अधिकारियों ने संबंधित अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दुकानों पर उपलब्ध मदिरा का अभिलेखों से मिलान भी किया गया।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने और अवैध मदिरा के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग के अनुसार जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।