Sunday, 08 November 2026 | 3:36 PM
उत्तर प्रदेश

आतिशबाजी की दुकानों पर डीएम का छापा, सुरक्षा इंतजामों की परखी हकीकत

बारह पत्थर मैदान में सिलेंडरों की रिफिलिंग और अग्निशमन व्यवस्थाओं का लिया जायजा, लापरवाही पर कार्रवाई के दिए संकेत
Share:
आतिशबाजी की दुकानों पर डीएम का छापा, सुरक्षा इंतजामों की परखी हकीकत

कासगंज। दीपावली के त्योहार को देखते हुए आतिशबाजी की दुकानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। शनिवार को जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने बारह पत्थर मैदान में संचालित आतिशबाजी की दुकानों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की हकीकत परखी। उन्होंने दुकानों पर अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, सुरक्षा मानकों और सिलेंडरों की रिफिलिंग की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आतिशबाजी की दुकानों पर सुरक्षा नियमों का शत-प्रतिशत पालन कराया जाए। दुकानदारों को अग्निशमन एवं सुरक्षा से जुड़े सभी आवश्यक उपकरण उपलब्ध रखने होंगे। किसी भी दुकान पर सुरक्षा व्यवस्था में कमी नहीं होनी चाहिए।

डीएम ने कहा कि आतिशबाजी का कारोबार अत्यंत संवेदनशील है। थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। ऐसे में दुकानों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। अधिकारियों को नियमित निगरानी करने और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

प्रशासन की इस कवायद का उद्देश्य त्योहार के दौरान आतिशबाजी की दुकानों पर आगजनी और अन्य दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह, उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, इंस्पेक्टर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।