Sunday, 08 November 2026 | 3:50 PM
उत्तर प्रदेश

कासगंज: समाधान दिवस में डीएम के सामने गूंजीं बिजली बिल, पेंशन और जमीन विवाद की शिकायतें

सहावर तहसील में 40 फरियादी पहुंचे, तीन शिकायतों का मौके पर निस्तारण; डीएम ने अधिकारियों को दी लापरवाही न बरतने की हिदायत
Share:
कासगंज: समाधान दिवस में डीएम के सामने गूंजीं बिजली बिल, पेंशन और जमीन विवाद की शिकायतें
कासगंज।** आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए शनिवार को तहसील सहावर के सभागार में जिलाधिकारी प्रणय सिंह की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। यहां फरियादियों ने बिजली के बढ़े हुए बिल, पेंशन, राशन कार्ड, जमीन की पैमाइश और अवैध कब्जे जैसी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। समाधान दिवस में कुल 40 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से महज तीन शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण हो सका। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंप दिया गया।

समाधान दिवस में जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनशिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि पीड़ित को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का त्वरित, गुणवत्तापरक और निष्पक्ष निस्तारण शासन की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी प्रार्थना पत्रों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध तरीके से उनका निस्तारण सुनिश्चित करें। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी के समक्ष फरियादियों ने अधिक धनराशि के बिजली बिल आने, विधवा एवं वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिलने, राशन कार्ड बनवाने, भूमि की पैमाइश कराने, अवैध कब्जा हटवाने, राजस्व एवं भूमि विवाद, उत्पीड़न और आपसी विवाद से संबंधित समस्याएं रखीं। डीएम ने एक-एक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह, उप कृषि निदेशक महेंद्र सिंह, डीपीआरओ, डीएसओ, अधिशासी अभियंता विद्युत सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा एसडीएम, सीओ, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी एवं थाना प्रभारी भी उपस्थित रहे।

वहीं, जिले की अन्य दोनों तहसीलों कासगंज और पटियाली में भी सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित कर अधिकारियों ने जनता की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागों को शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।