
फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 06 अक्टूबर 2026 जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में मंगलवार को 69वीं जनपदीय माध्यमिक विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ पुलिस लाइन ग्राउंड, फतेहगढ़ में किया गया। जिलाधिकारी ने ध्वजारोहण एवं बैलून छोड़कर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास होता है।
जिलाधिकारी ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करें और खेल भावना का पालन करते हुए प्रतियोगिता में हिस्सा लें।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं द्वारा मार्च-पास्ट सहित अन्य कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। प्रतियोगिता में फतेहगढ़, फर्रुखाबाद एवं कायमगंज क्षेत्र के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों के लगभग 270 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में प्रतिभाग किया।
जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही आयोजन से जुड़े अधिकारियों एवं शिक्षकों को प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा सुविधा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे मंडलीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में जनपद का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी, विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक, खेल प्रशिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।