फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) जनपद के शमशाबाद थाना क्षेत्र की चिलसरा पुलिस चौकी पर तैनात प्रभारी उपनिरीक्षक अनुज कुमार का उपचार के दौरान निधन हो गया। उन्होंने कानपुर स्थित रीजेंसी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर को ड्यूटी के दौरान चौकी प्रभारी अनुज कुमार को अचानक ब्रेन हेमरेज हो गया था। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चौकी पर तैनात सिपाही अंकित कुमार सिंह और जितेंद्र कुमार सिंह उन्हें तत्काल फर्रुखाबाद के चौक बाजार स्थित नेहा नर्सिंग होम लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पीजीआई लखनऊ रेफर कर दिया था।
हालांकि, हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण उन्हें कानपुर के रीजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उनका लगातार उपचार चल रहा था और वह वेंटिलेटर पर थे। इस दौरान दोनों पुलिसकर्मी अस्पताल में रहकर उनकी देखभाल में जुटे रहे। शनिवार दोपहर करीब डेढ़ से दो बजे के बीच उन्होंने अंतिम सांस ली।
बताया गया कि अनुज कुमार मूल रूप से जनपद मुरादाबाद के निवासी थे। जनवरी 2026 में कोतवाली मोहम्मदाबाद से स्थानांतरण होकर फर्रुखाबाद आए थे। उन्हें अपने पिता के निधन के बाद मृतक आश्रित कोटे में पुलिस विभाग में नौकरी मिली थी। उनके परिवार में दो बहनें हैं, जिनका विवाह वह पहले ही कर चुके थे। उनके कोई संतान नहीं थी।
शमशाबाद थाना प्रभारी सचिन चौधरी ने चौकी प्रभारी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि अनुज कुमार कर्तव्य निर्वहन के दौरान बीमार हुए थे। उनके निधन से पुलिस विभाग को अपूरणीय क्षति पहुंची है।
ड्यूटी के दौरान अचानक गंभीर रूप से बीमार पड़ने और उपचार के दौरान निधन की इस घटना से साथी पुलिसकर्मियों में शोक का माहौल है।