Sunday, 08 November 2026 | 3:37 PM
उत्तर प्रदेश

अरविंद कुमार ने लगाई रफ्तार की हैट्रिक, बने प्राथमिक बालक वर्ग के ब्लॉक चैंपियन

100 और 200 मीटर दौड़ के साथ लंबी कूद में भी झटका पहला स्थान, सोरों ब्लॉक की खेलकूद प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया दमखम
Share:
अरविंद कुमार ने लगाई रफ्तार की हैट्रिक, बने प्राथमिक बालक वर्ग के ब्लॉक चैंपियन

सोरों (कासगंज)। जिला स्टेडियम फरीदनगर में शनिवार को आयोजित विकासखंड सोरों की ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्राथमिक बालक वर्ग में फरीदनगर के अरविंद कुमार ने तीन प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान हासिल कर अपना दबदबा कायम किया। उन्होंने 100 मीटर, 200 मीटर दौड़ और लंबी कूद में बाजी मारकर ब्लॉक चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ सदर विधायक देवेंद्र राजपूत और खंड शिक्षा अधिकारी प्रीति गोयल ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। कंपोजिट विद्यालय गुड़गुड़ी की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद अतिथियों ने ध्वजारोहण कर हरी झंडी दिखाते हुए खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ कराया।

प्रतियोगिताओं में प्राथमिक बालक वर्ग की 50 मीटर दौड़ में नमेनी के रॉबिन प्रथम रहे। प्राथमिक बालिका वर्ग की 50 और 100 मीटर दौड़ में गऊपुरा की अंजलि ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि 200 मीटर दौड़ में कादरवाड़ी की शिवानी विजेता रहीं।

जूनियर बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में घिनौना के कुलदीप, 200 मीटर में कुढार के ललित और 400 मीटर में कादरवाड़ी के वसीम प्रथम रहे। जूनियर बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में कादरवाड़ी की मिथलेश, 200 मीटर में श्यामसर की कुमकुम और 400 मीटर में होडलपुर की देवकी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

कबड्डी प्रतियोगिता के प्राथमिक बालक वर्ग में नमेनी की टीम विजेता और खलीलपुर की टीम उपविजेता रही। जूनियर बालक वर्ग में घिनौना की टीम ने जीत दर्ज की। वहीं प्राथमिक बालक एवं बालिका वर्ग की योगासन प्रतियोगिताओं में प्राथमिक विद्यालय वरकुला की टीमों ने प्रथम स्थान हासिल किया।

समापन समारोह में विधायक देवेंद्र राजपूत और खंड शिक्षा अधिकारी प्रीति गोयल ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में जिला पीटीआई राजेंद्र सिंह, ब्लॉक पीटीआई मुनेश राजपूत, पुष्पेंद्र कुमार, नीलेश प्रताप चौहान, दीनदयाल सिंह, अजय यादव, यादराम सिंह, देवेंद्र कुमार, भारतेंदु कुमार, सोमेंद्र कुमार और फुरकान अली ने निर्णायक की भूमिका निभाई। इस मौके पर प्रविता सिंह, सचिन कुमार, धीरज कुमार, अनुपम वीर, गौरव सोनी, राकेश, तनुजा सिंह, रजनीकांत, रेखा वशिष्ठ, मयंक गौतम, प्रियंका सिंह, ललितेश कुलश्रेष्ठ सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।